छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। मंगलवार की रात कोतवाली थाना से घर लौटे एक निगरानीशुदा बदमाश ने बुधवार की सुबह अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के स्वजन पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हंै। इनका कहना है कि पुलिस फिंगर प्रिंट के नाम पर उसे थाने ले गई थी और सात जिला से बाहर करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की थी। इस वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। बहरहाल सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक रामानुजगंज रोड निवासी विकास प्रजापति 30 वर्ष पुलिस की सूची में निगरानी शुदा बदमाश में शामिल है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सरगुजा पुलिस के द्वारा गुंडा-बदमाशों की तफ्तीश की जा रही है और संदेहियों के हाथ-पांव का फिंगर प्रिंट लिया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस बीते मंगलवार को विकास प्रजापति को भी थाने लाई थी। रात को थाने से घर लौटे विकास ने स्वजनों को बताया कि पुलिस ने फिंगर प्रिंट लेने के बाद उससे रुपये मांगा है, नहीं तो उसे जिलाबदर कर दिया जाएगा। बुधवार की सुबह करीब छह बजे युवक अपने कमरे में फांसी लगा खुदकुशी कर लिया। स्वजन उसे गंभीर हालत में फांसी के फंदे से उतारे। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल जे जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में वह दम तोड़ दिया था। हालांकि पुलिस ऐसे आरोपों को स्वीकार नहीं कर रही है। पुलिस आगामी चुनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों को सतर्क करने रूटिन की कार्रवाई के तहत फिंगर प्रिंट लेने थाना में इनकी उपस्थिति दर्ज कराने में लगी है।

Categorized in: