बेखौफ दौड़ रही तेज रफ्तार वाहन, पुलिस दोपहिया चालकों का जेब खाली कर रही  

बलरामपुर। जिला मुख्यालय के बड़कीमहरी तिराहा के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 30 ई 7011 ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बलरामपुर कोतवाली पुलिस पहुंची। इन्हें अस्पताल लाया गया, जांच के बाद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक दीपक यादव पिता शिव प्रसाद यादव 20 वर्ष व कपिल पोया पिता राम पोया 20 वर्ष निवासी आरा राजपुर के रहने वाले थे, जो  नल-जल सोलर प्लेट का काम करते थे। दोनों युवक शिवरात्रि में अपने घर जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद पस्ता थाना पुलिस ने ट्रक को जप्त कर लिया है।

बता दें बलरामपुर जिला मुख्यालय सहित जिले भर में बेखौफ ओवरलोड वे तेज रफ्तार वाहन ट्रक, हाइवा एवं ट्रेलर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। वहीं जिम्मेदार केवल मोटरसाइकिल चालकों के पीछे हाथ धोकर पड़े हुए हैं। बड़े वाहनों को अनदेखा करने से दोपहिया सवार आए दिन मौत का वरण कर रहे हैं। जिला मुख्यालय के हर चौक-चौराहों पर पुलिस की दोपहिया चालकों पर नजर चर्चा का विषय बना हुआ है। घर से निकले नहीं कि यातायात विभाग की टीम बाइक सवारों के पीछे लग जाती है। जरूरी काम के लिए निकले लोगों को इनके पास जेब खाली करनी पड़ती है।

Categorized in: