पुलिस ने दुमका झारखंड से आरोपी को गिरफ्तार कर 2.94 लाख रुपये बरामद किया

GIRIJA THAKUR
अंबिकापुर। क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा देते हुए फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड करवाकर तीन लाख 19 हजार रुपये ठगी के मामले में थाना सीतापुर एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम नेे एक अंतर्राज्यीय आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से दो लाख 94 हजार रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त 02 मोबाइल, 04 एटीएम कार्ड बरामद करने में पुलिस सफल हुई है।

सीतापुर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड आमाटोली निवासी जीवर्धन राम प्रधान पिता स्व. जयराम प्रधान 58 वर्ष ने 19 जनवरी 2024 को थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 18 जनवरी को अज्ञात व्यक्ति के द्वारा उसके नंबर पर कॉल करके क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसे दिया और फर्जी एप्लीकेशन डाउनलोड करवाया। इसके बाद ओटीपी प्राप्त कर सिक्योरिटी मनी जमा करने की बात कहते हुए अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से तीन लाख 19 हजार रुपये की ठगी कर लिया। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 420 भा.द.वि. 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना दौरान साइबर सेल की सहायता से आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करने हेतु पुलिस टीम देवघर झारखंड रवाना हुई। पुलिस टीम ने आरोपी सोनू मण्डल पिता पवन मण्डल ग्राम मालभांडरु थाना मुफसिल जिला दुमका झारखण्ड को हिरासत में लिया और घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने ठगी करना स्वीकार किया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक जितेश साहू, मनीष सिंह, एडवर्ड लकड़ा शामिल रहे।

Categorized in: