दशहरा के पहले 6.60 किमी सड़क का ठेकेदार ने शुरू कराया है निर्माण

रामानुजगंज। लोक निर्माण विभाग के द्वारा ठेकेदार के माध्यम से रिंग रोड में 6.60 किलोमीटर सड़क निर्माण करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से कार्य दशहरा के पूर्व प्रारंभ किया गया था परंतु कार्य मंथर गति से एवं मनमाना कराए जाने से रिंग रोड के बासिंदे परेशान हैं। ठेकेदार के द्वारा पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से धूल के गुबार ने जीना मुहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग एवं ठेकेदार की मनमाना कार्यशैली को लेकर लोगों में आक्रोश है।

गौरतलब है कि दशहरा के पूर्व से रिंग रोड निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के द्वारा ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। कार्य प्रारंभ होने के बाद से ही ठेकेदार की मनवानी ने लोगों को आक्रोशित कर दिया है। पूर्व में बने डामरीकृत सड़क को उखाड़ कर रोड का निर्माण किया जा रहा है। डामर उखड़ने के बाद सड़क में दो चक्का वाहन से भी चल पाना मुश्किल है। आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हंै। ठेकेदार के द्वारा पानी छिड़काव करने में भी मनमानी किया जा रहा है, नतीजा यह है कि जिस दिन पानी का छिड़काव नहीं होता है उस दिन इस रोड में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो जाता है। इसी सड़क में शासकीय एवं निजी स्कूल हैं जहां छोटे-छोटे बच्चे अध्ययन करते हैं। बच्चों को भी उड़ती धूल से काफी परेशानी होती है। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजना नहीं चाहते हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। यदि यही स्थिति रही तो रिंग रोड वासी श्वांस रोग से ग्रसित हो सकते हैं।

वार्ड पार्षदों, स्कूल संचालक, व्यवसायी ने कहा

वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद खुशबू जायसवाल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के द्वारा ठेकेदार के माध्यम से रिंग रोड का निर्माण कराया जा रहा है। डामरीकृत सड़क उखाड़ने के बाद जिस गति से कार्य करना चाहिए था, उस गति से कार्य नहीं किया जा रहा है। पानी का छिड़काव भी बराबर नहीं हो रहा है, जिस कारण इस सड़क पर रहने वालों का जीना मुहाल है। लोक निर्माण विभाग को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। व्यापारी संतोष गुप्ता ने कहा कि रिंग रोड से ही वे अपने बुजुर्ग पिताजी के साथ आना-जाना करते हैं। सड़क का निर्माण मनमाना तरीके से किया जा रहा है। सड़क को खोद कर छोड़ दिया गया है, जिससे हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पानी का छिड़काव नहीं होने से सभी परेशान हैं। सुभद्रा मेमोरियल स्कूल के संचालक जितेंद्र पांडे ने कहा कि रिंग रोड में ही उनका स्कूल संचालित हो रहा है। रिंग रोड के निर्माण में बढ़ती जा रही सुस्ती हम सबके लिए प्रतिदिन परेशानी का सबब बन रही है। जब पानी का छिड़काव नहीं होता है तो छोटे-छोटे बच्चों के अलावा सभी को काफी असुविधा होती है। लोक निर्माण विभाग को यह कार्य तेजी से संपन्न कराना चाहिए। वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद विजय रावत ने कहा कि रिंग रोड निर्माण के लिए डामरीकृत सड़क को उखाड़ दिया गया है, इसके बाद एक दिन भी पानी का छिड़काव नहीं करने से धूल का गुबार उठने लगता है। ऐसे में यहां रहना मुश्किल हो जाता है। रिंग रोड वासियों के द्वारा लगातार उन्हें इसकी जानकारी दी जा रही है। लोक निर्माण विभाग को गंभीर होने की आवश्यकता है।

Categorized in: