नाम बदलकर लिया किराए में मकान, फिर मकान मालिक से ही की तीन लाख की ठगी

अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर नगर पंचायत क्षेत्र में खुद को फौजी बताकर किराए के मकान में रहने वाले युवक ने मकान मालिक को तीन लाख की चपत लगा दी। मकान स्वामी ने जब फौजी के बारे में तहकीकात शुरू की तो पता चला कि उक्त व्यक्ति अपना नाम गलत बताकर किराए में मकान लिया था। इसकी रिपोर्ट मकान मालिक ने राजपुर थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन जब्त किया गया है, इसकी कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत राजपुर के वार्ड क्रमांक तीन निवासी सुनील गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि एक व्यक्ति खुद को आर्मी में फौजी बताकर उनका मकान किराए में लिया था। वह अपना नाम शेखर कुमार दुबे बताया था और शंकरगढ़ में कार्यरत रहना बताया था। उन्होंने उसकी बातों पर विश्वास करके रहने के लिए अपना मकान किराए में दे दिया था। इस बीच वह मकान मालिक व उनके परिवार से काफी घुल-मिल गया था। इसी बीच उसने मकान मालिक से मां की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए झांसे में लिया और तीन लाख रुपये ले लिए थे। बीते 28 नवंबर को सुनील गुप्ता को पता चला कि जिस कथित फौजी ने अपना नाम शेखर कुमार दुबे बताया था, उसका असली नाम मुस्ताक अंसारी पिता सलामत शेख 39 वर्ष, निवासी बिडाण्डा, थाना मझियांव जिला गढ़वा झारखंड है। असलियत सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और धारा 419, 420 का मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल व 50 हजार रुपये का दो मोबाइल फोन जब्त किया है।

Categorized in: