मैनपाट-अंबिकापुर मार्ग में हुई आमने-सामने टक्कर

अंबिकापुर। सरगुजा के मैनपाट-अंबिकापुर मार्ग में ग्राम सपनादर के पास बुधवार को अपरान्ह करीब तीन बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, तीन घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस और संजीवनी 108 एंबुलेंस पहुंची और सभी को कमलेश्वरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है, इन्हें रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक जांजगीर चांपा के तीन युवक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 एएस 0871 में सवार होकर मैनपाट की ओर घूमने जा रहे थे, वहीं मैनपाट की ओर से घूमकर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीए 6129 में दो युवक दरिमा की ओर जाने निकले थे। इसी दौरान सपनादर में दोनों मोटरसाइकिल सवारों की जबरदस्त टक्कर हुई, जिसमें दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलने पर मैनपाट थाना प्रभारी अशोक शर्मा मौके पर पहुंचे। इन्होंने वहां पर मौजूद लोगों की मदद से दुर्घटना के बाद सड़क पर पड़े युवकों को तत्काल कमलेश्वरपुर स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया। घायलों में दो युवकों की स्थिति गंभीर देखते हुए इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रिफर किया गया है, यहां चिकित्सकों की निगरानी में इनका इलाज चल रहा है।

दुर्घटना में मृत व घायल
मृतकों में अलग-अलग बाइकों में सवार गुलशन कुर्रे पिता सुरेश कुर्रंे 23 वर्ष निवासी दर्राभाटा जांजगीर चांपा व रिसन लकड़ा पिता बिन्धे लकड़ा 18 वर्ष निवासी ग्राम पोड़िपा दरिमा सरगुजा शामिल हैं। दर्राभांटा जांजगीर चांपा के दीपक रात्रे पिता रामरतन रात्रे 21 वर्ष, निलेश धृतलहरे पिता हरि भारद्वाज व सरगुजा के पोड़िपा दरिमा निवासी मनबोध पिता शिवचंद 16 वर्ष को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रिफर किया गया है।

Categorized in: