अंबिकापुर। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर शासकीय तालाब एवं शासकीय नजूल भूमि पर वर्षों से काबिज अतिक्रमण कारी के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने गांधीनगर, फुंदुरडिहारी, तुर्रापानी क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है। उल्लेखनीय है कि शासकीय तालाब को अतिक्रमण कारी ने अवैध रूप से कब्जा कर एक बहुत बड़ी आबादी के आम निस्तार सहित धार्मिक कर्मकांड, अनुष्ठान से वंचित कर रखा गया था। इस बात को लेकर आए दिन क्षेत्रवासियों एवं अतिक्रमणकारी के बीच लड़ाई-झगड़े होते थे। कानूनी लड़ाई के बाद यह सुनिश्चित हुआ कि शासकीय भूमि व तालाब पर कब्जा अवैध है। शासकीय तालाब के आम निस्तार तथा वहां तक जाने के लिए गेट लगाकर रास्ता बंद कर देना अवैधानिक कृत्य था।

इस अवैध कब्जे से मुक्ति के लिए के सभी दल के जनप्रतिनिधि क्षेत्रीय पार्षद गीता रजक, मंजूषा भगत, द्वितेन्द्र मिश्र, प्रबोध मिंज (पूर्व महापौर), आलोक दुबे ने संयुक्त रूप से पहल व प्रयास किया, जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। सोमवार को एसडीएम शिवानी जायसवाल, तहसीलदार भूषण मंडावी, नायब तहसीलदार अजय गुप्ता, आरआइ धर्मेन्द्र सिंह, रामदेव यादव सहित राजस्व, पुलिस व निगम की टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को संपन्न किया, जिसकी क्षेत्रवासी प्रशंसा कर रहे हैं। भविष्य में उक्त तालाब के सौंदर्यीकरण एवं शासकीय भूमि पर बच्चों के खेलने हेतु, बुजुर्गों के स्वास्थ लाभ हेतु पार्क बनवाने की आशा व्यक्त की गई है। जो कार्य वर्षों से लंबित था, उसके लिए क्षेत्रवासियों ने समस्त जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।

Categorized in: