नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाकर किया गया स्वागत

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया । इस अवसर पर नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर व फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया । स्वामी आत्मानंद स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल उपस्थित रहीं साथ ही एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुगा, एसडीएम अभिषेक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा, नायब तहसीलदार अंकिता पटेल, शाला विकास समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, सदस्यगण शुध्दूलाल वर्मा, मोहम्मद सईद, अनिल प्रजापति, गोपाल गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक शिक्षिकाएं, अभिभावक गण व बच्चे उपस्थित रहे ।कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी विद्यादायिनी मां सरस्वती के छाया चित्र पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्वलित कर किया गया । इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और मनेंद्रगढ़ शहर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने के लिए मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट का धन्यवाद ज्ञापित किया । कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुगा ने सभी नव प्रवेशी बच्चों को मिठाई खिलाकर तिलक वंदन कर फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया और कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल मनेंद्रगढ़ को प्रदेश में अव्वल नंबर का स्कूल बनाना है सभी बच्चे लगन के साथ मेहनत कर अच्छी पढ़ाई करें और इसमें बच्चों का संस्था के शिक्षक शिक्षिकाएं प्राचार्य सहयोग कर तन मन से लग जाएं जिससे यह स्कूल प्रदेश में नंबर एक पर रहे यह उनका लक्ष्य है । नव प्रवेशी बच्चों को गणवेश व पाठ्य पुस्तक वितरण किया गया साथ ही स्वामी आत्मानंद स्कूल में सर्वाधिक अंको से उत्तीर्ण होने वाली दो छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया । शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय के छात्राओं के द्वारा उत्साह पूर्वक रंगारंग मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया ।

Categorized in: