मुख्य मार्गों, चौक का अवलोकन कलेक्टर ने नागरिकों से की अपील,

शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का करें सहयोग नागरिकों को जागरूक करने और पुनरावृत्ति पर जुर्माना का निगम अमले को दिया निर्देश

अंबिकापुर। कलेक्टर कुंदन कुमार ने सोमवार को अंबिकापुर शहरी क्षेत्र के लो लाइन जगहों में वर्षा जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। वर्षा के मौसम को देखते हुए कलेक्टर स्वयं शहर निरीक्षण के लिए निकले। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई व नगर निगम की टीम उपस्थित रही। कलेक्टर ने कैलाश मोड़ सत्तीपारा में जल-जमाव की स्थिति का अवलोकन किया। निचला क्षेत्र होने के कारण अधिक वर्षा में यहां जल भराव की स्थिति बनती है और आसपास के रहवासियों सहित आवागमन में भी लोगों को असुविधा होती है। कलेक्टर ने स्थिति को संज्ञान में लेते हुए निरीक्षण किया और सार्वजनिक निस्तारी के मद्देनजर नाली के माध्यम से पानी निकासी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

निगम आयुक्त ने बताया कि कच्ची नाली के माध्यम से सड़क के किनारे नालियों से जोड़ते हुए निकासी की व्यवस्था बनाई गई है। कलेक्टर ने नालियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं जिससे पानी का बहाव सामान्य बना रहे, कहीं भी जल भराव की स्थिति ना बने। साथ ही राजस्व और निगम अमले को प्रतिदिन सुबह शहर का भ्रमण कर स्वच्छता, जल जमाव और यातायात व्यवस्था का अवलोकन कर आवश्यकता अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं। शहरी वार्डों और मुख्य मार्गों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर सद्भावना चौक पहुंचे। बीते वर्षों में इस क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति बड़ी समस्या थी, जिसका नगर निगम द्वारा पुलिया निर्माण कर निराकरण किया गया है। इसी तरह एक और पुलिया निर्माण कर निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। सड़कों में जल जमाव की स्थिति में नगर निगम अमले को त्वरित कार्रवाई करने और इस संबंध में लोगों को भी जागरूक करने कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए हैं। इस दौरान कलेक्टर ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। स्वच्छता दीदियों को सुबह कचरा समय पर देने और दिन में निगम अमले के स्वच्छता हेतु चलने वाले वाहनों में कचरा डालने कहा गया। गलियों और सड़कों में कचरा नहीं फेंकने की हिदायत दी गई। कलेक्टर ने कहा कहीं भी कचरा फेंकने से आपका घर स्वच्छ होता है पर शहर में गंदगी फैलती है। कलेक्टर ने निगम अमले को ऐसे लोगों को आवश्यक समझाइश देने और पुनरावृत्ति पर जुर्माना करने के भी निर्देश दिए हैं।

Categorized in: