*खाद्य मंत्री के कथित निज सचिव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा नेता, कानूनगो, पटवारी व ठेकेदार सहित 23 के खिलाफ मामला दर्ज*
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम भटको में 130 एकड़ शासकीय जमीन के फर्जीवाड़ा का पर्दाफास प्रशासनिक जांच में हो गया है। इस मामले में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के खाद्य मंत्री के कथित निज सहायक के अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा नेता, कानूनगो, पटवारी व ठेकेदार सहित 23 लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह मामला एक माह पूर्वसामने आने पर भाजपाइयों ने हल्ला बोला था, वहीं खाद्य मंत्री ने जांच की बात कही थी। इसके बाद कलेक्टर ने एसडीएम की अध्यक्षता में मामले की जांच कराई थी।
बता दें कि बतौली तहसील क्षेत्र के ग्राम भटको, कालीपुर व करदना की 130 एकड़ से अधिक शासकीय जमीन को निजी मद में करने की शिकायत तहसीलदार से ग्रामीणों ने की थी। मामला तूल पकड़ा और विधायक व प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने तत्परता दिखाते हुए सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार को जांच के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने एसडीएम की अध्यक्षता में टीम गठित कर जांच के आदेश दिए थे। जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि जिन लोगों का नाम की जमीन दिखाकर शासकीय जमीन को अपने नाम पर चढ़ाया गया है, उनके पास कोई दस्तावेज प्रमाणित तौर पर उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सभी को नोटिस जारी कर जमीन का दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा गया था। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर 23 लोगों के खिलाफ बुधवार को बतौली थाने में धारा 120, 420, 467, 468 व 471 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है। सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा है  कि जिन लोगों के द्वारा शासकीय जमीन को अपनी जमीन बताकर समिति में धान की बिक्री की गई है, उनसे धान की राशि भी वसूल की जाएगी।
*इनके खिलाफ मामला दर्ज*
जिला कलेक्टर के निर्देश पर हुई जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विधायक व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के पूर्व कथित निज सचिव भूपेंद्र यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भाजपा नेता अमित गुप्ता, ए-5 कांट्रैक्टर जयेश गुप्ता, पटवारी कंचराम पैंकरा, कानूनगो जॉन बड़ा, भगमनिया, शशांक गुप्ता,
रामानंद यादव, जगमोहन, हेमंत यादव, प्रेमलता बेवा, अश्विनी सिंह, भूपेंद्र यादव, अनूप गुप्ता, उदय राम, सुंदर राम, सुभग राम, रामप्रसाद, अनिता यादव व बीना गुप्ता व दूसरे मामले में ईश्वर चंद यादव की रिपोर्ट पर बैगीन लोहार, अमित गुप्ता, पटवारी कंचराम पैंकरा व कानूनगो जॉन बड़ा के खिलाफ धारा 120, 420, 467, 468 व 471 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।  सभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

Categorized in: