सटोरियों के साथ पालतू कुत्ता को पुलिस लाई थाने, सौंपेगी स्वजनों को भी लाया गया

प्रतापपुर। प्रतापपुर पुलिस ने आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खिला रहे पांच सटोरियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। सटोरियों के साथ एक पालतू कुत्ता भी था, जिसे लेकर पुलिस थाने तक आई, बाद में उसे स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों को नगर के वार्ड नंबर सात में एक मकान से गिरफ्तार किया था। सटोरियों के पास से दो बाइक, 25 मोबाइल, 4 लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान बरामद किए गए हैं।
बता दें कि महादेव एप्प से ऑनलाइन सट्टा सुर्खियों में रहा है। इस एप्प के जरिए सट्टा खिलाने के मामले में कई जगह से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इसी क्रम में स्थानीय पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आरोपियों के साथ लाखों रुपये का सामान भी पुलिस बरामद की है।
एसडीपीओ अमोलक सिंह ढिल्लो व थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम खोरमा सरनापारा स्थित किराए के क्वार्टर में आईपीएल क्रिकेट मैच पर मोबाइल एवं लैपटाप लेकर महादेव एप्प के जरिए ऑनलाइन हार-जीत का दांव लगा सट्टा पट्टी में लगे लोगों तक पुलिस पहुंची। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर रामकृष्ण साहू को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए फौरन पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस मिली सूचना के आधार पर दबिश दी और थाना पदम्भनामपुर जिला दुर्ग केलाबाड़ी के आरोपी अनिल यादव पिता शंकर लाल यादव 25 वर्ष व बिलास सिंघारे पिता नंद सिंघारे 26 वर्ष, मोहम्मद उमर अली पिता मोहम्मद जलील 28 वर्ष निवासी जेलपारा थाना सूरजपुुर, मोहम्मद अमन पिता मोईयुद्दीन 25 वर्ष निवासी जेलपारा, सूरजपुर, विजय चंद्राकर पिता श्रवण चंद्राकर 41 वर्ष निवासी आमालोरी, थाना पाटन जिला दुर्ग को पकड़ा। इनके कब्जे से 25 नग एंड्राइड मोबाइल, 3 लैपटाप, चार्जर, इन्वर्टर बैट्री, पेन मार्कर, 2 नग मोटरसाइकिल कुल कीमत 5 लाख 3 हजार रुपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, निरीक्षक नीलाम्बर मिश्रा, एसआइ राजेश तिवारी, नवल किशोर दुबे, एएसआइ मंत्रीराम मिंज, प्रधान आरक्षक राजेश यादव, रामाधीन श्यामले, महेन्द्र पटेल, घुनेश्वर केरकेट्टा, आरक्षक प्रवीण सिंह, मनोज राय, अवधेश कुशवाहा, रौशन सिंह, अनिल एक्का, इंद्रजीत सिंह, अरविन्द पांडेय, निरंजन एक्का सक्रिय रहे।
आरोपी से अलग नहीं हुआ कुत्ता
फोटो-
पुलिस को कार्रवाई के बीच एक पालतू कुत्ते और आरोपी के बीच भावनात्मक संबंध देखने को मिला। दोनों एक-दूसरे से अलग नहीं हो पा रहे थे। पुलिस ने जब उक्त मकान में छापा मारा तब एक कुत्ता भी था। जब वे आरोपी को ले लाने लगे तो कुत्ता उससे अलग नहीं हो रहा था और जोर-जोर से भौंकने लगा। उन्होंने दोनों को अलग करना उचित नहीं समझा और साथ में थाना ले आए। अब कुत्ता की देखभाल थाना में की जा रही है। आरोपी के स्वजनों को सूचना देकर उन्हें बुलाया गया, ताकि वे पालतू कुत्ते को साथ ले जाएं।

Categorized in: