अनूपपुर – चंद पैसों के लिए एक बेटे ने अपने मृत पिता और बुजुर्ग मां के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया है। पूरा मामला मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र का है।


दरअसल, बिजुरी थाने में खिलावन देवांगन ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि उसके पिता ददई राम नामक व्यक्ति के नाम पर कॉलरी में नौकरी कर रहे थे। कक्षा 3 की मार्कशीट में उनका नाम नरसिंह देवांगन दर्ज था, लेकिन बाद में कक्षा चार की मार्कशीट में यह नाम बदलकर ददई राम कर दिया गया था, दूसरे के नाम पर नौकरी पूरी करने के बाद वह सेवानिवृत्त भी हो गए थे और इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई।

पूरे मामले का खुलासा सितंबर महीने में तब हुआ जब पिता को मिली ग्रेच्युटी की राशि को लेकर उसका मां के साथ विवाद हुआ, जिस पर बेटे ने अपने मृत पिता और बुजुर्ग मां के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में यह भी बताया है कि सिर्फ फर्जीवाड़े में पिता ही नहीं बल्कि मां भी शामिल थी। सेंट्रल बैंक में पहले मेरी मां अहिल्या बाई का खाता अहिल्याबाई पति नरसिंह देवांगन के नाम से खुला हुआ था। लेकिन पिता की मौत के बाद मां ने भी धोखाधड़ी करते हुए अहिल्याबाई पति ददई राम के नाम से एक दूसरा खाता खुलवा कर पिता के स्वत्व का भुगतान इस बैंक खाते में करवा लिया। लगभग 60 लाख रुपए का लेनदेन भी इस बैंक खाते से किया गया। शिकायत पर मृतक पिता एवं जीवित मां के विरुद्ध पुलिस ने धारा 419, 420, 120 बी के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच में जुट गई है।

Categorized in: