अम्बिकापुर–  अम्बिकापुर जनपद के ग्राम लवईडीह एवं उसके पारा बरपारा के मध्य आवागमन हेतु डूबान क्षेत्र के समीप गांव से टापू तक करीब 350 मीटर सड़क समतलीकरण तथा 300 मीटर ड्रम वाला पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ अगामी शैक्षणिक सत्र में नवीन प्राथमिक शाला खोलने तथा ग्रामीणों के सुविधा हेतु मोटर बोट हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार मंगलवार को एसडीएम अम्बिकापुर श्रीमती शिवानी जायसवाल, जनपद सीईओ श्री एसएन तिवारी एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक श्री रविशंकर तिवारी के द्वारा ग्राम लवईडीह, बरपारा मोहल्ला का निरीक्षण किया गया। ग्रामीणों तथा स्कूली बच्चों से चर्चा कर समस्या सुनी गई। बच्चों को स्कूल जाने की समझाइश दी गई।
ज्ञातव्य है कि विभिन्न संचार माध्यमों के द्वारा ग्राम लवईडीह एवं बरपारा के बीच डूबान के कारण आवागमन की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों एवं बच्चों को असुविधा के समाचार को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के द्वारा तत्काल कार्यवाही हेतु अधिकारियों को ग्राम का निरीक्षण करने के निर्देश दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य की प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं।

Categorized in: