अंबिकापुर। सेवानिवृत्त शिक्षक का रुपये से भरा बैग अज्ञात व्यक्ति ने शहर के वेलकम होटल से नाश्ता करते समय पार कर दिया। घटना शुक्रवार को दिन में लगभग 11.30 बजे की है। घटना की जानकारी कोतवाली थाने में दी गई है, जिस पर पुलिस होटल और बैंक का सीसीटीवी फुटेज देखकर संदेही के तलाश में लगी है।
सुखरी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामधनी राम चौधरी ने बताया कि शुक्रवार को वे घरेलू कार्य के लिए रुपये निकालने अंबिकापुर के मुख्य स्टेट बैंक शाखा में आए थे। बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकालने के बाद लगभग 11.30 बजे गांधी चौक के पास जिला न्यायालय के सामने स्थित वेलकम होटल में नाश्ता करने गए। होटल में नाश्ता करते समय रुपये रखे बैग को पास में रखकर नाश्ता करने लगे। नाश्ता करने के बाद जब उठे तो बगल में रखा बैग नहीं था। जहां वे बैठे थे, वहां अन्य लोग भी नाश्ता कर रहे थे। उन्होंने बैग गायब होने की जानकारी होटल संचालक को दी। सीसीटीवी का फुटेज देखने पर काले रंग का कपड़ा पहने एक व्यक्ति नजर आ रहा है, जिस पर संदेह की सुई घूम रही है। बैंक के सीसीटीवी में भी काले रंग के कपड़े में एक व्यक्ति नजर आ रहा है, जिसका फुटेज पुलिस ने हासिल किया है। ऐसे में बैंक से ही किसी के द्वारा रेकी की संभावना बनी हुई है।

Categorized in: