राजेन्द्र ठाकुर (राजू) छ.ग.फ्रंटलाइन
बलरामपुर। बलरामपुर जिला के कई इलाके नक्सल गतिविधियों के कारण अति संवेदनशील रहे हैं। लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में गश्त, सर्चिंग अभियान संचालित करने से नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगा है। देखा जाए तो छत्तीसगढ़ व झारखंड पुलिस की संयुक्त मुहिम ने नक्सलियों के मांद में घुसकर इनकी कमर तोडऩे का काम किया है। सामरीपाठ थाना के सीमावर्ती क्षेत्र बूढ़ापहाड़ व आसपास के ग्राम जलजली, सबाग, बरडीह, मरेवाडीह, गदामी बंदरचुआं, धोबीडीह, भुताही, पचफेड़ी, चरहू, पीपरढाब, चुनचुना, पुन्दाग ऐसे क्षेत्र हैं, जहां की भौगोलिक संरचना जंगल-पहाड़ से आच्छादित और पहुंचविहीन है। ऐसे में झारखंड प्रांत की ओर से नक्सल गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर बलरामपुर जिले की पुलिस को मिलती रही। इन क्षेत्रों में घटना कारित करने के बाद नक्सली अपने सुरक्षित ठिकाना बूढ़ापहाड़ की ओर चले जाते थे। इसे नक्सलियों ने शरणस्थली बनाकर रखा था। इस स्थल को बलरामपुर व झारखंड की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान एक साल की उपलब्धियों को इंगित कराते हुए बताया कि वर्ष 2012 में सबाग कैंप, 02 फरवरी 2019 को बंदरचुआ कंैप, 04 मार्च 2022 को जेटीएफ कैंप भुताही मोड़ तथा 08 सितंबर 2022 को पुन्दाग में जेटीएफ कैंप की स्थापना की गई। सबाग से पुन्दाग तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो भुताही मोड़ तक तैयार हो चुका है। साथ ही बूढ़ापहाड़ के ऊपर बूढ़ागांव झाउलडेरा, जिला गढ़वा में झारखंड पुलिस एवं कोबरा का कैंप एवं ग्राम नवाटोली जिला लातेहार झारखंड में सीआरपीएफ कैंप की स्थापना हुई है। बूढ़ापहाड़ एवं आसपास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की ओर से जिला पुलिस एवं 62वीं बटालियन सीआरपीएफ कंपनी एवं झारखंड की ओर से 172वीं सीआरपीएफ कंपनी, 203 बटालियन कोबरा कंपनी, झारखंड पुलिस, जेजे, 218 सीआरपीएफ कंपनी ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया, जिससे नक्सली बूढ़ापहाड़ क्षेत्र को छोड़कर अन्यत्र ठिकाने में पलायन कर गए। नक्सलियों के छिपने के स्थान, संभावित आवागमन मार्ग एवं आसपास में सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को सफलताएं प्राप्त हुई हैं।


पुलिस को मिली बड़ी सफलता


पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया 05 एवं 06 सितंबर 2022 को थलिया थाना सामरीपाठ एवं जोंकपानी नवाटोली थाना बारेसांड़ जिला लातेहार झारखंड लोकेशन पर भारी मात्रा में आईडी, विस्फोटक, राशन सामान एवं अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद किया गया। 18 अक्टूबर 2022 को बूढ़ापहाड़ पर थाना भंडरिया जिला गढ़वा में नक्सलियों द्वारा छिपा कर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, वायरलेस सेट, हैंड ग्रेनेड, गोली का जखीरा एवं नक्सलियों के उपयोग में आने वाली कई सामग्रियों को बरामद किया गया। 30 अक्टूबर 2022 को छत्तीसगढ़, झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा के संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा बूढ़ापहाड़ जोंकपानी थाना बारेसांड़ लातेहार में छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया, इसमें एलएमजी, एसएलआर जैसे अत्याधुनिक हथियार भी शामिल हैं। 06 नवंबर 2022 को बूढ़ापहाड़ के नवाटोली एवं जोंकपानी थाना बारेसांड़ में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। यहां से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में आईईडी विस्फोटक पदार्थ, दवा एवं अन्य सामान पुलिस ने बरामद किया है। 17 नवंबर 2022 व 19 नवंबर 2022 को क्रमश: झारखंड-छत्तीसगढ़ बार्डर पर सर्चिंग के दौरान ग्राम थलिया थाना सामरीपाठ जिला बलरामपुर-रामानुजगंज व जोंकपानी नवाटोली थाना बारेसांड़ जिला लातेहार झारखंड के पास नक्सलियों द्वारा छिपाया गया विस्फोटक आईईडी एवं वायरलेस सेट, नक्सली साहित्य, दैनिक उपयोगी सामान, मेडिकल किट, बैनर बरामद किया गया। 24 नवंबर 2022 को झारखंड-छत्तीसगढ़ बार्डर के ग्राम थलिया थाना सामरीपाठ अंतर्गत बूढ़ापहाड़ ग्राम में सर्चिंग दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाया गया टिफिन आईईडी विस्फोटक बरामद किया गया।
वर्षांत तक कुल 2160 अपराध दर्ज
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि वर्ष 2022 में जिले में कुल 2160 अपराध दर्ज किए गए हैं, जिसमें से 1868 अपराध निराकृत किए गए हैं। 292 प्रकरण विवेचना में लंबित है। वर्ष 2022 में अपराधों के निकाल का प्रतिशत 86.04 रहा। गुम इंसान की संख्या 271 रही, जिसमें बालक 16, बालिका 71, पुरुष 55, महिला 129 हैं। इनमें कुल 227 दस्तयाब हुए, जिसमें बालक 34, बालिका 65, पुरुष 44, महिला 104 हैं। अदम दस्तयाब के कुल 44 प्रकरण में बालक 02, बालिका 06, पुरुष 11, महिलाओं की संख्या सर्वाधिक 25 है।

नशे के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई


जिले में वर्ष 2022 में नारकोटिक्स एक्ट के तहत 19 प्रकरण दर्ज किए गए। सभी प्रकरणों में कुल 25 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। सभी प्रकरणों का चालान न्यायालय में पेश किया गया है। जप्त किए गए नशीले पदार्थ में 721 नग कफ सिरप कीमत करीब 9 लाख 99 हजार 713 रुपये, टेबलेट कुल 1060 नग, 125 नग नशीला इंजेक्शन, 1655.280 किलोग्राम गांजा, 09 ग्राम ब्राऊन सुगर बरामद किया गया है। अवैध शराब के 240 प्रकरण दर्ज कर कुल 826.5 लीटर शराब जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत दो लाख 78 हजार 168 रुपये है। इसमें महुआ शराब 434 लीटर कीमत करीब 41 हजार 915 रुपये, अंग्रेजी शराब 369.5 लीटर कीमत करीब दो लाख 36 हजार 253 रुपये है।


जनचौपाल में सुनी जा रही समस्या
चलित थाना, जनचौपाल में वर्ष 2022 में जिले के समस्त थाना, चौकी प्रभारियों द्वारा कुल 206 ग्रामों में चलित थाना, जनचौपाल लगाकर आमजनों की शिकायतें सुनी गई, उनकी समस्याओं का यथासंभव निराकरण किया। थाना, चौकी प्रभारियों द्वारा गांवों में जाकर, चौपाल लगाकर महिला एवं नाबालिग बच्चियों को उनके साथ होने वाले संभावित अपराधों की जानकारी दी जा रही है और महिला सुरक्षा ऐप अभिव्यक्ति से अवगत कराने पूरे जिले में अभियान चलाया गया। स्कूल में अध्यनरत बच्चियों को जागरूक किया गया। जिले में कुल 7,415 महिलाओं एवं बच्चियों के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप अपलोड कराया गया है। जिले में थाना व चौकी प्रभारी अभियान चलाकर महिलाओं एवं बच्चियों के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप अपलोड करा रहे हैं।


हाईवे पेट्रोलिंग से 200 घायल पहुंचे अस्पताल
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि बलरामपुर जिले में यातायात विभाग लगातार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है। हेलमेट वितरण, नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को घटनास्थल से अस्पताल तक पहुंचाने हेतु हाईवे पेट्रोलिंग वाहन जिला मुख्यालय से लगातार भ्रमण कर रही है। हाईवे पेट्रोलिंग वाहन ने वर्ष 2022 में 200 घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। स्कूल एवं कॉलेजों में यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यातायात एवं परिवहन विभाग स्कूल बसों की जांच लगातार कर रहा है।

Categorized in: