0 जांच में जुटी बसदेई पुलिस

0 एफएसएल व डॉग स्क्वायड टीम  की भी ली जा रही मदद 

सुरजपुर। दो हत्या सहित अन्य कई मामलों के आरोपी युवक का शव उसी के बंद घर मे क्षत विक्षत अवस्था में पाया गया है। वारदात जिले के ग्राम बसदेई की है। सूचना पर पहुंची बसदेई पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच प्रारम्भ की है। प्रथम दृष्टया  जमीन विवाद पर हत्या की आशंका पुलिस ने व्यक्त किया है। इसके अलावा पुलिस मामले में मृतक के बेकराउंड को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।  मृतक 35 वर्षीय भारत राजवाड़े 17 दिसंबर को अंतिम बार बसदेई में देखा गया था। जिसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं थी और उसके घर मे ताला लटका हुआ था। बसदेई चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने बताया कि सोमवार को यहां के नवापारा मोहल्ले के एक बंद घर से बदबू आने की सूचना ग्रामीणों के द्वारा दी गई थी। सूचना पर तत्काल वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बंद कमरे का ताला खुलवाया गया तो कमरे के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। घरके अंदर 35 वर्षीय भारत राजवाड़े का शव पाया गया जो करीब 6 से 7 दिन पूर्व का था। इतने दिनों में शव पूरी तरह सड़ चुका था। सिर आदि कीड़े लगने से खोखला हो गए थे। शव की स्थिति को  देखते हुए हत्या की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।एफएसएल, डॉग स्क्वायड टीम  की मदद ली जा रही है। हालांकि अब तक कोई सुराग हाथ नही लगा है। पर जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी खुद चोरी से लेकर हत्या तक का आरोपी रहा है।दो हत्याओ का वह आरोपी रहा जो फिलहाल जमानत पर बाहर था।उसकी पत्नी उसे छोड़ कर किसी ओर के साथ घर बसा ली है जिससे वह घर पर अकेले रहता था।बीते 17 दिसंबर से वह लापता था। ग्रामीणों के मुताबिक  जमीन के मामले को लेकर उसका गांव में ही विवाद था। पुलिस ने इसके  साथ दूसरे अन्य एंगल पर भी  जांच शुरू की है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द से जल्द वे आरोपी तक पहुंच जाएंगे। 

Categorized in: