घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरों में लगातार वृद्धि जनविरोधी निर्णय-पाठक

अंबिकापुर। विद्युत दरों में भारी वृद्धि के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया। विद्युत दरों में वृद्धि को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने क्रमिक आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया है।

घड़ी चौक पुतला दहन उपरांत कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में 5वीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों, व्यापारियों एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का कार्य किया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरों में लगातार की गई वृद्धि जनविरोधी निर्णय है, इसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि, कीमतों में वृद्धि के बावजूद सरकार आमजन को निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई में भी असफल रही।

प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, दूसरी ओर सरकार बिजली दरों में वृद्धि कर जनता की परेशानियों को और बढ़ाने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली दर वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि, यदि सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। क्रमिक आंदोलन के अगले चरण में 18 जून को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। 18 जून को ही जिला कांग्रेस कमेटी नमनाकला स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव भी करेगी, जिसमें जिले भर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, मो. इस्लाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, हेमंत तिवारी, विनीत विशाल जायसवाल, सीमा सोनी, संध्या रवानी, दुर्गेश गुप्ता, अशफाक अली, जीवन यादव, गुरप्रीत सिद्धू, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, गीता प्रजापति, गीता रजक, आशीष जायसवाल, शुभम जायसवाल, शिवप्रसाद अग्रहरि, दिलीप धर, रोशन कन्नौजिया, नुजहत $फातमा, शकीला सिद्दीकी, रूबी जैन, सरिता महंत, ममता सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Categorized in: