हर घर में एक स्वास्थ्य योद्वा हो तैयार तभी यह कार्यक्रम होगा सफल – कलेक्टर श्री विजय दयाराम के.

बलरामपुर- बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में अब घर-घर छात्र-छात्राओं के माध्यम से मौसमी बीमारियों के लक्षण तथा बचाव की जानकारी पहुंचने लगी हैं, जिले में स्वास्थ्य जागरूकता के संबंध में स्वास्थ्य योद्वा कार्यक्रम कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन में 02 सितम्बर से प्रारंभ की गयी, जिसके तहत् प्रथम चरण में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों द्वारा विद्यालयों में पहुंचकर मौसमी बीमारियों के साथ साथ अन्य बीमारियों के लक्षण तथा उनसे बचाव के संबंध में अवगत कराया जाना है, साथ ही स्कूल में चिकित्सकों के द्वारा दिये जाने वाली जानकारियों को छात्र-छात्राओं के माध्यम से उनके घर परिवार के साथ-साथ दोस्तों एवं मोहल्ले तक पहुंचाई जानी है, जो कि धीरे-धीरे अब मूर्त रूप ले रही है।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने बताया कि उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य हर घर में एक स्वास्थ्य योद्धा तैयार करना है, बीमारी के समय सबसे पहले लक्षणों को पहचानना व उसका प्राथमिक स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, अब तक देखने में यह आया है कि ज्यादातर रोगों का मुख्य कारण सही समय पर सही इलाज न हो पाना या देर से इलाज कराना होता है, जो कि व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार के लिये भी कष्टकारक साबित होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योद्धा कार्यक्रम के माध्यम से हर घर में एक स्वास्थ्य योद्धा तैयार करना है, जो स्वास्थ्य के संबंध में अपने परिजनों को जागरूक कर सकें।

Categorized in: