गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस की जांच में सामने आया हत्या का कारण जमीन को लेकर उपजा विवाद है।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम महुआटिकरा की अंजू निषाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामभजन और उनकी दोनों पत्नी सोनामती और चंद्रमनी जमीन बंटवारा की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उसके परिवार के सदस्यों के साथ ईंट एवं टांगी से मारपीट किए हैं। आरोपित रामभजन के द्वारा छोटी बुआ मुन्नी बाई को टांगी से सिर में मारने की जानकारी दी गई थी, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मारपीट के बाद आरोपित घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में तोडफ़ोड़ कर भाग गए थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपितों के विरूद्ध धारा 294, 506, 323, 307, 427, 302, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा ने टीम गठित कर मामले की सूक्ष्मता से जांच की और आरोपितों के तह तक पहुंचे। पुलिस ने हत्या के तीनों आरोपित रामभजन निषाद, चन्द्रमनी निषाद एवं सोनामती निषाद सभी निवासी महुआटिकरा को घेराबंदी कर हिरासत में लिया और पूछताछ की, इस दौरान उन्होंने घटनाकारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक जॉन प्रदीप लकड़ा के साथ उप निरीक्षक अनिल सोनवानी, प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सहायक उप निरीक्षक राकेश मिश्रा, महिला रक्षक प्रियंका सिंह, रीना दास, आरक्षक भूपेंद्र सिंह, सोहन राजवाड़े, दिनेश मिंज, शिवमंगल सिंह, सैनिक ओमप्रकाश शामिल रहे।

Categorized in: