जरही/भटगांव। जनपद पंचायत भैयाथान के ग्राम पंचायत बुंदिया में सरपंच व सचिव द्वारा बिना प्रस्ताव पास कराए लाखों रुपये आहरण के मामले में जांच अधिकारी की उपस्थिति में ग्राम पंचायत के सचिव ने गलती स्वीकार करते हुए पंचायत में प्रस्ताव पास कराए बगैर राशि आहरण करने की बात कही है। ग्राम पंचायत के ग्रामीणों द्वारा 14वें-15वें वित्त, मूलभूत की राशि का गबन करने व गोठान में चारा-पानी और गोबर खरीदी नहीं करने की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी। मामले की जांच जनपद पंचायत भैयाथन के पंचायत इंस्पेक्टर ने ग्राम पंचायत बुंदिया पहुंचकर की। सरपंच, सचिव, पंचों व ग्रामीणों की उपस्थिति में जांच प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिस पर ग्राम पंचायत सचिव ने बिना प्रस्ताव पास किए ही लाखों रुपये आहरण करना बताया। देखना यह है कि ग्राम पंचायत में की गई इस जांच के बाद भ्रष्टाचार रुकेगा या सरपंच-सचिव अपनी मनमानी जारी रखेंगे और ग्रामवासी मूलभूत सुविधाओं सहित सरकार की योजनाओं से वंचित रहेंगे।
जांच अधिकारी के समक्ष सचिव ने बताया
मामले की जांच जनपद पंचायत भैयाथान के पंचायत इंस्पेक्टर रूपलाल ठाकुर ने की। उन्होंने सरपंच व सचिव का बयान लिया। जांच अधिकारी को ग्राम पंचायत के सचिव ने गलती स्वीकार कर बताया कि मूलभूत राशि का सड़क जीर्णोद्धार में 10 हजार, हैंडपंप मरम्मत में 15 हजार, राष्ट्रीय पर्व पर 23 हजार रुपये, गोठान में 15 हजार कुल 63 हजार रुपये एवं 15वें वित्त का शौचालय में एक लाख एक हजार 690 रुपये, एसएलआरएम के लिए भवन निर्माण में 50 हजार कुल एक लाख 51 हजार 690 रुपये व जनपद मद से ट्यूबवेल खनन धनसाय राजवाड़े घर के पास किया गया, जिसमें भुगतान की राशि 71 हजार 326 रुपये व पंचों का मानदेय भुगतान किया गया।
सचिवों के घर का चक्कर काटते हैं ग्रामीण
सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत भैयाथान के अधिकांश ग्राम पंचायतों का भविष्य भगवान भरोसे है क्योंकि आधे से अधिक ग्राम पंचायतों के सचिव, सचिवालय में उपस्थिति नहीं होते हैं। ग्राम पंचायत के लोगों को किसी दस्तावेज में हस्ताक्षर कराना हो, तो इन्हें ढंूढना पड़ता है। इनके घरों का चक्कर काटना पड़ता है। अधिकांश सचिवों का मोबाइल स्विच ऑफ रहता है। ग्राम पंचायतों में अधिकांश महिला सरपंच होने के कारण उनके पति सरपंच प्रतिनिधि के तौर पर ग्राम पंचायतों का संचालन करते नजर आते हैं। ऐसे कई ग्राम पंचायत मिल जाएंगे, जहां के ग्रामीण चुनाव के बाद अपने सरपंच को ही नहीं देखे हैं। हर कार्य में सरपंच के पति की मर्जी चलती है।
बयान
ग्रामीणों के द्वारा की गई शिकायत की जांच कर सरपंच-सचिव का बयान लिया गया है। जांच रिपोर्ट को उच्च अधिकारियों को सौंपा गया है। जांच रिपोर्ट में जो गड़बड़ी सामने आई है, उस पर जनपद पंचायत भैयाथान के द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रूपलाल ठाकुर, पंचायत इंस्पेक्टर, जपं भैयाथान

Categorized in: