प्रतापपुर। सूरजपुर जिले के वन परिक्षेत्र प्रतापपुर में ग्रामीणों के सहयोग से जंगल के अंदर सब्जी लोड पिकप वाहन में लकड़ी लोड कर तस्करी की नीयत रखे आरोपितों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया और वन अधिनियम की कार्रवाई की है।
दो अक्टूबर की रात गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को सूचना मिली कि गणेशपुर जंगल में एक पिकअप वाहन गई है, जिसमें लकड़ी की तस्करी संभव है। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से गणेशपुर जंगल के अंदर काटकर रखे गए छह नग साल के  ल_ को बरामद किया, इसे पिकअप वाहन में लोड किया जा रहा था। वन विभाग की टीम कके आने की भनक लगते ही आरोपित भागने लगे, इन्हें ग्रामीणों के सहयोग से वन अमले ने पकड़ा। आरोपितों में पिकअप वाहन मालिक आयुष कुमार गुप्ता का पुत्र व चालक वीरेंद्र वाड्रफनगर बसंतपुर निवासी शामिल हैं। आरोपितों को वन परिक्षेत्र कार्यालय प्रतापपुर लाया गया। इनके विरूद्ध वन अपराध अधिनियम की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र प्रतापपुर के परिक्षेत्राधिकारी विनय टंडन, विजय कुजूर, अमरनाथ, रवि, मान सिंह, जीतन राम, नितेश गुप्ता, अशोक गुप्ता, चालक गुलजमान, आनंद, धनेश सक्रिय रहे।
लापरवाही करने पर होगी कार्रवाई-भगत
उपवनमंडलअधिकारी आशुतोष भगत ने बताया कि लकड़ी तस्करी में लगे लोगों पर वन विभाग की नजर है। इनकी गिरफ्तारी कर लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती की जा रही है। इसके बाद भी वन अपराध में कमी नहीं आना गंभीर विषय है। उन्होंने अपने विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्व का निर्वहन सही ढंग से करें अन्यथा उन पर भी कार्रवाई होगी।  
वन प्रबंधन की कारगुजारी पर उठे सवाल
वन परिक्षेत्र प्रतापपुर में पिछले एक माह में वनों की कटाई को लेकर कई कार्रवाई हो चुकी है, इसके बाद भी लगातार घरों, वाहनों से लकड़ी की जब्ती हो रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिसे लेकर वन प्रबंधन व वन विभाग प्रतापपुर की कारगुजारी पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नए वन परिक्षेत्र अधिकारी जब से आए हैं तब से जंगलों की कटाई बढ़ गई है।

Categorized in: