मचान के करीब पहुंच चुके हाथी ने किया हमला, मृतका का पति जान बचाकर भागा
शहर सीमा के ग्राम भकुरा में अलसुबह शावक सहित तीन हाथियों के पहुंचने से सहमे लोग

अंबिकापुर। शुक्रवार की अलसुबह लगभग पांच बजे शहर से लगे कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भकुरा में हाथी ने एक महिला को कुचल कर मार डाला। महिला अपने पति के साथ घर से कुछ फासले पर स्थित खेत में लगे मक्के की फसल की रखवाली करने गई थी। मचान पर चढ़कर दोनों पति-पत्नी सोए थे। सुबह महिला का पति उठा तो उसकी नजर दूर मेड़ के पास शावक के साथ मौजूद हाथी पर पड़ी। वहीं उनके करीब तक पहुंचे एक अन्य हाथी का उसे पता उस समय चला जब वह दूर हाथी को शावक के साथ देख मचान में सोई पत्नी को इसकी जानकारी देकर उठा रहा था। करीब खड़े हाथी ने जब पत्नी को उठा रहे ग्रामीण को संूड़ से लपेटने का प्रयास किया तो वह जान बचाकर भागा, वहीं मचान में मौजूद उसकी पत्नी नहीं भाग पाई और हाथी उसे कुचल दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गुड्डी पति किशुन 45 वर्ष शहर से लगे ग्राम भकुरा की रहने वाली थी। वह अपने पति के साथ रोजाना घर से कुछ दूरी पर खेत में लगे मक्के की फसल की रखवाली करने जाती थी। गुरुवार की रात पति-पत्नी खेत में लगे मचान पर बैठकर मक्के की फसल की रखवाली कर रहे थे। शुक्रवार की अलसुबह पांच बजे मक्के के पौधे को रौंदने की आवाज सुनकर महिला का पति उठा तो मचान से कुछ दूर मेड़ के पास एक हाथी अपने शावक के साथ नजर आया, एक हाथी मचान के पास ही था, जिस पर अंधेरा होने के कारण उसकी नजर नहीं पड़ी। पत्नी को उठाते समय मचान के करीब मौजूद हाथी किशुन को चपेट में ले पाता इसके पहले वह शोर मचाते भागा लेकिन उसकी पत्नी को हाथी कुचल दिया। सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंच हाथी को खदेड़ा और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया।

Categorized in: