अंबिकापुर। राजपुर से गोपालपुर पहुंच मार्ग में पतरातू डीएवी स्कूल के समीप सुबह दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि अन्य घायलों को पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से राजपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घटना शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे की है। ग्राम मुरका निवासी 40 वर्षीय शकील पिता अजबुद्दीन के साथ मंसूर पिता कुर्बान ( 44 ) बाइक में सवार होकर राजपुर की ओर आ रहे थे। पतरातू डीएवी स्कूल के समीप सामने से ग्राम करवां निवासी प्रेमसाय पिता रामजीत (18), संजय पिता ललन (17), मानसाय पिता फूलसाय (16) व शिवरूप (16) एक बाइक में सवार होकर राजपुर की ओर से करवां गांव जा रहे थे, तभी दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना में मौके पर 40 वर्षीय शकील पिता अबजुद्दीन की मौत हो गई। सूचना उपरांत तत्काल मौके पर थाना प्रभारी अखिलेश सिंह अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से तीन नाबालिग सहित पांच घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर प्राथमिक उपचार हेतु भर्ती कराया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।

Categorized in: