अंबिकापुर – जिला चिकित्सालय में एक रोती बिलखती महिला से अनोखी सोच के एक सदस्य ने उसके रोने का कारण पूछा तो देवंती नाम की उस महिला ने बताया कि वह अकेले अपनी छोटी सी बच्ची और विमलेश कुमार नाम के बीमार बच्चे के साथ अम्बिकापुर में रहकर मजदूरी का काम कर किसी तरह गुजर बसर कर रही थी। कुछ दिनों से ज्यादा बीमार होने पर बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में करा रही थी। लेकिन अंततः बीमारी से उसके 13 वर्षीय बेटे विमलेश कुमार की मृत्यु हो गई है ।
उसने बताया कि लड़के का पिता लक्ष्मण उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के जामपानी ग्राम में रहता है जो कि कोरोना लॉक डाउन के कारण छत्तीसगढ़ में आ पाने में असमर्थ है। उस महिला के बताए अनुसार उस बालक के पिता से अनोखी सोच के सदस्य संजू चटर्जी ने फोन पर बात किया जिस पर उसके पिता ने लाक डाउन और आर्थिक तंगी के कारण अंबिकापुर आने में लाचारी बताई।

इसके बाद अनोखी सोच संस्था सोच के सदस्यों ने उत्तरप्रदेश में उस ग्राम के प्रधान से फोन पर बात किया तब प्रधान ने भी लॉक डाउन की स्थिति में मृतक लड़के के पिता को अम्बिकापुर भेज पाने में असमर्थता जताई। इसके बाद एसडीएम ऑफिस अंबिकापुर में संपर्क किया गया तो पता चला कि ऑनलाइन प्रोसेस करने में वक्त ज्यादा लग जाएगा और गर्मी के दिन में शव से संबंधित समस्या बढ़ जाएगी ।

इस प्रकार हरसम्भव प्रयास कर लेने पर और कोई रास्ता शेष नहीं रह गया तब मृतक के माता पिता के आग्रह पर अनोखी सोच की पूरी टीम ने स्वयं पूरी जिम्मेदारी लेकर उस लाचार महिला की मदद करने का निर्णय लिया । ऐसी स्थिति में संस्था ने अंतिम संस्कार के लिए पूरी सामग्री और अन्य इंतजाम अपनी ओर से उपलब्ध कराया। अंतिम संस्कार के रीति-रिवाजों को विधि विधान पूर्वक सम्पन्न करने के लिए पंडित जी और नाई को भी बुलाया गया । अंतिम संस्कार के दौरान अंबिकापुर के श्मशान घाट में महिला के साथ अनोखी सोच के सदस्य उपस्थित रहे । और अपने गांव घर से दूर अनोखी सोच परिवार के साथ भीगी आंखों से एक दुखी मां ने अपने 13 वर्षीय पुत्र को मुखाग्नि दिया । उस दौरान ऐसा मार्मिक दृश्य था कि सबकी आंखें नम हो गयी थी। संस्था के सदस्य इस पूरे काम के दौरान मुक्तिधाम में उपस्थित रहे और कोरोना काल के बावजूद अपने हाथों से बीमारी से मृत शव का अंतिम संस्कार करने एक बेबस माँ की मदद कर मानवता की मार्मिक मिशाल प्रस्तुत किये जो सभी के लिए प्रेरणादायी है।

 

Categorized in: