दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में आरोपित पुत्रों के बाद एसआइटी की टीम ने पिता बाबा पंडित व एक नाबालिग को किया है गिरफ्तार


अंबिकापुर। शहर के बहुचर्चित दीपक गुप्ता हत्याकांड के मामले में एसआइटी की टीम द्वारा पूर्व में गिरफ्तार नाबालिग पुत्रों के बाद पिता अशोक तिवारी उर्फ बाबा पंडित व एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार किया है। इसके बाद स्वजनों ने एक मंत्री के इशारे पर निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी का आरोप लगा हंगामा किया। वे गिरफ्तार किए गए बाबा पंडित व नाबालिग की रिहाई चाहते थे। स्वजनों व मोहल्ले के लोगों के साथ पहुंची पुत्री ने इस दौरान शाम पांच बजे तक पिता की रिहाई नहीं होने पर फिनाइल की गोली खाकर आत्महत्या करने की धमकी दी। दो घण्टे से अधिक हंगामे के बाद वे कोतवाली पहुंचे, यहां दो घण्टों शोर-शराबा और तमाम आरोप-प्रत्यारोपण के बाद पुत्री पेट्रोल उड़ेल आत्महत्या का प्रयास की। इसके बाद मौके पर मौजूद कोतवाली टीआई और महिला पुलिस अधिकारियों, आरक्षकों ने उसे व पेट्रोल लाकर देने वाली नौकरानी को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के मुताबिक दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में गिरफ्तार नाबालिग पुत्रों के जमानत के लिए उच्च न्यायालय गए अशोक तिवारी उर्फ बाबा पंडित को कथित रूप से एसआइटी की पुलिस टीम बिलासपुर से गिरफ्तार करके लाई है। मामले में अब तक चार आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाबा पंडित को गिरफ्तार करके लाने की जानकारी जब स्वजनों को मिली तो वे शनिवार को थाने पहुंचे। यहां आने पर पुलिस ने किसी को गिरफ्तार करके नहीं लाने की जानकारी दी, इसके बाद स्वजन कंट्रोल रूम पहुंच गए। यहां दो घण्टे से अधिक हंगामा की स्थिति बनी रही। पुलिस ने संतुष्टि के लिए इन्हें कंट्रोल रूम के उस जगह को दिखाया, जहां किसी आरोपित को रखा जाता है या पूछताछ की जाती है, इसके बाद भी उन्हें संतुष्टि नही मिली। अशोक तिवारी उर्फ बाबा पंडित की पुत्री, मां सहित साथ गए स्वजन व मोहल्ले के लोग कांग्रेस सरकार के एक मंत्री के दबाव में आकर पुलिस द्वारा बाबा पंडित की गिरफ्तारी करनेका आरोप लगा रहे थे। इनका कहना था कि पुलिस ने मंत्री के करीबियों को छोड़ दिया है और निर्दोष लोगों के साथ अमानवीय व्यवहार करने में लगी है। घर में मौजूद महिला सदस्यों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया है। हत्या के मामले में जिनकी पहचान की गई है, उन प्रमुख आरोपितों को पकड़ने के बजाए एकमात्र बाबा पंडित परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। इसके बाद सभी पुनः कोतवाली पहुंच गए। यहां भी पुलिस को स्वजन कोसते रहे। बार-बार समझाने के बाद भी वे जाने को तैयार नहीं थे। इनके द्वारा फिनाइल की गोली पुलिस अधिकारियों को दिखाकर जान देने की धमकी दी जा रही थी। कोतवाली परिसर से महिलाएं अंदर-बाहर होते रहीं। इस बीच कोतवाली पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एसडीओपी व टीआई राहुल तिवारी ने इन्हें समझाइश देते हुए बाबा पंडित से न्यायालय में मिल लेने कहा लेकिन शाम पांच बजे तक रिहाई नहीं होने पर वे आत्महत्या करने की धमकी देते रहे। लगभग सवा दो बजे गिरफ्तार आरोपितों के साथ मौजूद एक महिला जो घर की नौकरानी बताई जा रही है, वह पुलिस की नजर से बचते मिनरल वाटर के बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंची और स्कूटी के पायदान में रख दी थी। इधर युवती अपनी मां के साथ कोतवाली परिसर से बाहर यह कहते हुए निकली कि पापा से मिलकर आउंगी और यहीं जान दूंगी। स्कूटी के पास पहुंच वह बोतल का ढक्कन खोलकर अपने ऊपर उड़ेल ली। यह देख पहले से मौजूद कोतवाली टीआई औऱ महिला पुलिस अधिकारी, आरक्षक हरकत में आए और आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती सहित पेट्रोल लेकर आने वाली नौकरानी को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कोतवाली टीआई पर भी पेट्रोल के छींटे पड़ गए। इस दौरान थाने के सामने भारी भीड़ लग गई थी। गिरफ्तार बाबा पंडित व एक नाबालिग को एसआईटी द्वारा न्यायालय में पेश करने की खबर है।

Categorized in: