कांग्रेस के दुराग्रह का खामियाजा छत्तीसगढ़ में भुगत रहे गरीब


अंबिकापुर। कोरोना महामारी के कारण पूरे विश्व की हालत खराब है। इसके बाद भी केंद्र सरकार ने एक से बढ़कर एक बेहतर काम किए हैं। चाहे वैक्सीनेशन का हो या जरूरतमंदों के बीच अतिरिक्त खाद्यान्न पहुंचाने का। कोरोना काल के बीच केंद्र सरकार ने 39 लाख करोड़ से अधिक का बजट पेश कर अर्थव्यवस्था को सुधारने का काम किया है। उक्त बातें शनिवार को भाजपा कार्यालय अंबिकापुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम ने कही। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि भीषण आपदा में भी 9.2 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि विश्व में नंबर वन है। वर्ष 2014 में 99 लाख करोड़ से बढ़कर जीडीपी सात वर्ष में 1.50 लाख करोड़ पहुंच गया है। केन्द्रीय निधि में राज्यों का हिस्सा 32 से बढ़ाकर सीधे 43 प्रतिशत कर दिया गया है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ को इससे आठ हजार करोड़ की अतिरिक्त राशि मिलेगी। देश की अर्थव्यवस्था वर्ष 2014 में कांग्रेस के शासन में 275 बिलियन डॉलर से बढ़कर 630 बिलियन डॉलर हुई है।
राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि समूचे देश में कोई भूखा नहीं है लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा दिए जाने वाला मुफ्त में अनाज में भी 15 सौ करोड़ से अधिक का घोटाला किया गया है। देश में अब तक 1.10 करोड़ घर बने हैं, लेकिन इस वर्ष 80 लाख पक्के मकान बनेंगे। इसके लिए इस बजट में 48 हजार करोड़ रुपये आबंटित किए गए हैं। दुर्भाग्य है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के दुराग्रह का खामियाजा प्रदेश के गरीबों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार बजट में छत्तीसगढ़ से की गई मांग पर इंटस्ट्रियल कारिडोर को आवंटन, भारत माला एक्सप्रेस हाईवे रायपुर-विशाखापट्नम के लिए फंड का आबंटन, नागपुर से झारसुगड़ा रेलवे की चौथी लाइन बनाने का आबंटन की है, जिसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश भी कवर होगा। छ.ग. में पोस्ट आफिस की पंजीयन व बिल्डिंग निर्माण हेतु स्वीकृति दी गई है। बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर एयरपोर्ट हेतु भी कार्य को आगे बढ़ाने संबंधित दिशा-निर्देश बजट में हैं लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार अभी तक हवाई मार्ग के विस्तार के लिए जमीन नहीं दे पाई है, जिससे अंबिकापुर ही नहीं रायपुर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम भी अधर में है। उन्होंने बताया कि बजट में छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को लगभग 1800 करोड़ से अधिक की राशि किसान सम्मान निधि के रूप में सीधे उनके खाते में भेजी जाएगा। कोरिडोर की तर्ज पर 25 हजार किलोमीटर का कृषि कोरिडोर, नदियों को जोडऩे की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की गई है। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, राजकुमार बंसल, प्रशांत शंकर त्रिपाठी, संतोष दास, शानू कश्यप, छोटू थामस के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे।
रेलवे विस्तार के लिए राशि स्वीकृत-
राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि बजट 2022-23 में केंद्र की तरह राज्यों को मिलने वाली राशि में छत्तीसगढ के लिए ऐतिहासिक इजाफा हुआ है। छत्तीसगढ़ को पिछले वर्ष की तुलना में लगभग आठ करोड़ ज्यादा मिलेंगे। बिलासपुर-दुर्ग के बीच 160 किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाने के लिए रेलवे लाइन के दोनों किनारे पर बैरिकेडिंग करने राशि की स्वीकृति दी गई है। बजट में एसईसीआर को 17 नई रेल लाइनों की मंजूरी मिली है। एसईसीआर को बजट में दोहरी लाइन के लिए भी फंड मिला है। इसमें बिलासपुर-उरकुरा 110 किलोमीटर, सलका रोड-खोंगसरा 26 किलोमीटर, चांपा-झारसुगुड़ा 165 किमी तीसरी रेल लाइन, दुर्ग-राजनांदगांव तीसरी रेल लाइन, झारसुगुड़ा-बिलासपुर 206 किमी चौथी लाइन के लिए फंड की व्यवस्था बजट में की गई है। इसके अलावा रायगढ़-भूपदेवपुर, बरवाडीह-चिरमिरी, रायपुर-झारसुगुड़ा, धर्मजयगढ़-कोरबा, चिरमिरी-नागपुर के लिए भी बजट में फंड की व्यवस्था की गई है।
हेल्थ बजट में 70 प्रतिशत वृद्धि-
राज्यसभा सांसद ने कहा कि विश्व में सबसे अधिक 168 करोड़ कोरोना टीके लगे हैं। यह टीका दुनिया में श्रेष्ठतम है। पहले 70 सालों तक लगातार टीकों का आयात करते रहे थे, बीसीजी का टीका यहां दस वर्षों के बाद आता था, अब भारत टीकों का निर्यात भी कर रहा है। नेताम ने कहा कि टीका लगने की बारी आने पर विरोध का भी सामना करना पड़ा। लेकिन जिन विरोधियों ने भ्रम फैलाने की कोशिश की वे ही प्रथम पंक्ति में आकर टीका लगवाने को आतुर थे। उन्होंने बताया हेल्थ बजट में 70 प्रतिशत वृद्धि की गई है। कुल 85 हजार करोड़ प्राथमिक चिकित्सा के लिए 62 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है।

Categorized in: