कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य के किसान पुत्र मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ऊपर उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी सरकार के द्वारा राजनीतिक द्वेषवश प्राथमिकी दर्ज कराने का आरोप कांग्रेसजनों ने लगाया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डोर-टू-डोर कैंपेन करने उत्तर प्रदेश गए थे। कहा गया है कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकाल होता है और उसकी जिम्मेदारी जिस राज्य में जाते हैं वहां के राज्य के मुखिया की होती है। अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन न करते हुए योगी सरकार ने उल्टे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर प्राथमिकी दर्ज करा दिया, जो गलत है। कांग्रेसजनों ने इसका विरोध किया है और निंदा करते हुए भारत के राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पत्र जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि के रुप में कलेक्ट्रेट में उपस्थित केके वर्मा को सौंपा। मांग की गई कि इस मामले को संज्ञान में लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ऊपर दर्ज कराई गई प्राथमिकी को रद्द कराया जाए ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में लक्ष्मी गुप्ता जिला अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा पिछड़ा वर्ग विभाग, श्याम लाल जायसवाल प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, बार रूम के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव दीपक मिश्रा, सेवादल सरगुजा के महामंत्री परवेज आलम, पंडित बाबूलाल दुबे, कमलेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Categorized in: