*सूरजपुर।* जिले की पुलिस ने उत्तरप्रदेश के वाराणसी से एक युवक को बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ पकड़ने में सफलता अर्जित की है। उक्त युवक पिछले 2 वर्ष से नशे के रूप में उपयोग की जा रही दवाओं का बड़े पैमाने पर व्यवसाय करता था और दीगर राज्य में सप्लाई करता था। बताया गया है कि 19 दिसम्बर को जयनगर पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर 130 नग नशीली कफ सिरप के साथ आरोपी आतीफ खान को पकड़ा  था।  पूछताछ में बताया कि वह बनारस के किशन यादव नामक व्यक्ति से नशीली दवाई खरीदकर लाता है। नशे के कारोबार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने जयनगर की एक पुलिस टीम को आरोपी पकड़ने उत्तरप्रदेश के लिए रवाना किया था। पुलिस टीम ने प्राप्त ठोस जानकारी के आधार पर वाराणसी पहुंची और वहां घेराबंदी लगाकर मोटर सायकल सहित किशन यादव पिता सुधू यादव निवासी सतसागर मैदागिन, थाना कोतवाली वाराणसी उत्तरप्रदेश को पकड़ा। जिसके कब्जे से 158 नग ई-स्कूफ कफ सिरप कीमत 23542 रूपये व मोटर सायकल जप्त करते हुए ट्रान्जिट रिमाण्ड लेकर वापस जयनगर पहुंची। जहां धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपी किशन यादव को  गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। पकड़ा गया आरोपी पिछले 2 वर्ष से नशे की सामग्री सप्लाई करता था इसकी गिरफ्तारी से नशे की सप्लाई के एक चैन तोड़ा गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी जयनगर सुभाष कुजूर, एसआई दिनेश राजवाड़े, ए.के.त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अशोक साहू, आरक्षक रमेश कसेरा, दीपक दुबे, मितेश मिश्रा व विकास मिश्रा सक्रिय रहे।

Categorized in: