बैकुंठपुर/ कलेक्टर कोरिया के निर्देश पर मनेंद्रगढ़ एसडीएम ने क्षेत्र में हो रहे अवैध प्लाटिंग को लेकर बड़ी कार्यवाही की है। जिससे भूमाफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार, नपा सीएमओ सहित नगरी-निवेश विभाग के अधिकारी व पुलिस अमला उपस्थित था।जानकारी के अनुसार अनुज्ञा लाइसेंस के बग़ैर ही प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। प्रशासन द्वारा जेसीबी के माध्यम से अवैध निर्माण को तोड़ा गया व संबंधित को नोटिस जारी किया गया है। विदित हो कि जमीन के अवैध ख़रीद-फ़रोख़्त व प्लाटिंग की शिकायत मिलने पर कलेक्टर कोरिया एसएन राठौर के निर्देश पर एक समिति का गठन किया
गया। जिसमें समिति की अध्यक्ष एसडीएम मनेन्द्रगढ़ नयनतारा सिंह तोमर को बनाया गया है। समिति द्वारा लगातार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर भूमाफियायों पर शिकंजा कसा जा रहा है। भ्रमण के दौरान समिति को 4 स्थानों पर अवैध प्लाटिंग की जानकारी मिली थी। जिसके बाद उक्त कार्यवाही की गई है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में भू माफिया के झांसे व कहर से क्षेत्र की भोली-भाली जनता परेशान है। पूर्व के वर्षों में राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्यवाही नही करने से भूमाफियाओं के हौसले बुलंद थे। लेकिन कलेक्टर कोरिया के निर्देश के बाद एसडीएम मनेंद्रगढ़ के नेतृत्व में जिला प्रशासन की एक टीम मनेन्द्रगढ़ पहुँची थी। जहाँ जहाँ अवैध प्लाटिंग की जा रही थी उन स्थानों का चिन्हाकन कर टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है। मनेन्द्रगढ़ के भूमाफिया आसपास के गरीब तबके के लोगो के जमीन को महज कुछ राशि एडवांस देकर एग्रीमेंट करने के बाद अवैध प्लाटिंग कर मोटी रकम में बेच देते थे। और इस तरह के जमीनों पर मकान बनाने के बाद लोगो को बिजली और पानी जैसी सुविधाएं नही मिल पाती हैं। और लोग अपने आपको ठगा महसूस करते है। ज़मीन व मकान का सपना पाले आम जनता भी खुद अपनी गाढ़ी कमाई को इनके बहकावे में आ कर खर्च कर देती है। इस तरह की शिकायतों के बाद प्रशासन द्वारा उक्त कार्यवाही की गई है। इस सम्बंध में मनेंद्रगढ़ एसडीएम नयनतारा सिंह तोमर ने बताया कि कलेक्टर कोरिया द्वारा गठित समिति ने क्षेत्र का दौरा कर बिना अनुमति के प्लाटिंग करने वालों की सूची तैयार की है। तथा सम्बंधितों को नोटिस जारी कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

Categorized in: