० मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमसीएच की पांचवीं मंजिल पर स्थित है शिशु वार्ड, प्रबंधन ने बंद कराए सभी टायलेट
अंबिकापुर. शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमसीएच भवन के शिशु वार्ड में टॉयलेट पाइप जाम होने से दो दिन से बंद पड़ा है। अस्पताल का टॉयलेट बंद हो जाने से मरीज व उनके परिजन के साथ-साथ ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी काफी परेशानी हो रही है। 14 करोड़ की लागत से बने एमसीएच भवन का उद्घाटन हुए करीब दो वर्ष ही हुए हैं। पांचवीं मंजिल पर शिशु वार्ड है, इसका सभी टॉयलेट को बंद कर दिया गया है। प्रबंधन द्वारा टॉयलेट में ताला बंद करा दिया गया है। इससे पूर्व भी इस तरह की परेशानी सामने आ चुकी है।


मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमसीएच के शिशु वार्ड का टॉयलेट पिछले दो दिनों से बंद कर दिया गया है। कुछ परेशानी आने के कारण निर्माण कार्य चल रहा है। मरीज टॉयलेट के लिए चौथे मंजिल से उतरकर नीचे आते हैं। ऊपर टॉयलेट की व्यवस्था नहीं होने से मरीज व उनके परिजन के साथ-साथ कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टॉयेलट बंद कर दिए जाने से परिसर के चारों ओर गंदगी फैल रहा है। मरीज व उनके परिजन इधर-उधर गंदगी फैला रहे हैं। इससे सफाई कर्मचारी भी परेशान हैं। स्थिति यह है कि एमसीएच में जाने के बाद चारों ओर बदबू आती है और मरीजों को काफी परेशानी होती है। इससे पूर्व भी एमसीएच में टॉयलेट में पानी जमाव होने की समस्या सामने आ चुकी है। उसे प्रबंधन द्वारा मर मत कराया गया था। इसके बावजूद पुन: परेशानी सामने आ रही है।

संक्रमण का खतरा
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद अस्पताल में ही गंदगी व टॉयलेट जैसी समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। गंदगी व बदबू से अस्पताल पहुंचने वाले लोग संक्रमित हो सकते हैं।

Categorized in: