नई दिल्ली. भारतीय रेल ने माल ढुलाई को तेज और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 21 अगस्त को जेएनपीटी मुंबई से वडोदरा मंडल के वर्णामा स्थित कॉनकॉर GCT टर्मिनल तक पहली डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल कंटेनर ट्रेन सफलतापूर्वक चलाई गई। करीब 422 किलोमीटर की यात्रा में ट्रेन ने 360 TEU कंटेनरों को एक साथ पहुंचाया।

दो डबल-स्टैक रेक को जोड़कर तैयार हुई ट्रेन

यह विशेष लॉन्ग-हॉल ट्रेन दो डबल-स्टैक रेक को जोड़कर बनाई गई थी। ट्रेन ने 21 अगस्त की शाम 7 बजे जेएनपीटी से अपनी यात्रा शुरू की।पहले रेक में 45+1 लोड था और इसे लोको नंबर 60311 ने खींचा। इसका वजन 1,817 टन था। दूसरे रेक में भी 45+1 लोड रहा, जिसे लोको नंबर 24690 ने संचालित किया और इसका वजन 2,105 टन था। दोनों रेक का कुल वजन 3,922 टन दर्ज किया गया।

एक ट्रेन में ज्यादा माल, परिवहन क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी

डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक ही ट्रेन में पहले की तुलना में कहीं अधिक कंटेनरीकृत माल को लंबी दूरी तक भेजा जा सकता है।इससे समान मात्रा में माल ढोने के लिए कम ट्रेनों की जरूरत पड़ सकती है। रेल नेटवर्क की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होने के साथ लोकोमोटिव और कंटेनर फ्लैट वैगनों की जरूरत को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

बंदरगाहों पर कंटेनर निकासी होगी तेज

जेएनपीटी जैसे बड़े बंदरगाहों से एक साथ बड़ी मात्रा में कंटेनरों की निकासी होने से माल टर्मिनलों पर भीड़ कम करने में मदद मिल सकती है। अधिक कंटेनर एक ही ट्रेन से भेजे जाने के कारण कार्गो की आवाजाही तेज होगी और ट्रांजिट टाइम घटने की संभावना है।लॉजिस्टिक्स व्यवस्था अधिक कुशल होने से माल ढुलाई की लागत कम करने में भी मदद मिल सकती है।

सड़कों पर दबाव और कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद

यह ट्रेन विद्युत इंजनों से संचालित हुई, जिससे माल परिवहन में डीजल आधारित सड़क परिवहन पर निर्भरता घटाने की दिशा में भी फायदा हो सकता है।एक डबल-स्टैक लॉन्ग-हॉल ट्रेन बड़ी मात्रा में ऐसामाल ले जा सकती है, जिसे अन्यथा कई ट्रकों के जरिए पहुंचाना पड़ता। इससे सड़क पर भारी वाहनों का दबाव, ईंधन की खपत और माल परिवहन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में योगदान मिल सकता है।भारतीय रेल का यह संचालन देश में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स और अधिक क्षमता वाले माल परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।