मऊगंज : शाहपुर थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। राजाधौ गांव के बधैया मोड़ के पास हुई कार्रवाई में वाहन से 8 गौवंश बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
मुखबिर से सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
पुलिस के मुताबिक 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामदीन सिंह टीम के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि राजाधौ के बधैया मोड़ पर पिकअप में गौवंश भरकर कहीं ले जाने की तैयारी चल रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
तिरपाल से ढकी पिकअप में मिले गौवंश
पुलिस ने मौके पर MP 17 G 4024 नंबर की पिकअप देखी। वाहन में गौवंश लोड थे और उन्हें छिपाने के लिए ऊपर तिरपाल बांधा जा रहा था। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही एक व्यक्ति अंधेरे में भाग गया, जबकि दूसरे को टीम ने मौके पर पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सलमान अंसारी, निवासी घुरेहटा वार्ड नंबर 12, मऊगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम दीपक मिश्रा, निवासी राजाधौ, थाना शाहपुर बताया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
वाहन खोलते ही सामने आए 8 गौवंश
पुलिस ने पिकअप पर लगा तिरपाल हटाकर जांच की तो अंदर कुल 8 गौवंश मिले। इनमें चार गाय, तीन बछड़े और एक बछिया शामिल थी।पुलिस ने सभी गौवंशों को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित ग्राम रेहड़ा स्थित गौशाला पहुंचा दिया।
पिकअप जब्त, तस्करी के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने गौवंश परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पिकअप को जब्त कर लिया है। मामले में शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 318/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 9 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है।फरार आरोपी की तलाश के साथ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामदीन सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक यूबी सिंह समेत प्रधान आरक्षक संतोष रावत, कुंजल रावत, कमलेश कुमार, निलेश तिवारी तथा आरक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, मोहम्मद एजाज आलम और पवन सिंह परिहार शामिल रहे।पुलिस की समय पर कार्रवाई से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे आठ गौवंशों को सुरक्षित बचा लिया गया।