पिता-पुत्र पर घटना को अंजाम देने का आरोप, तीन घायल हुए
अंबिकापुर। शहर के सुभाषनगर में महज 70 रुपये बकाया को लेकर गुरुवार की रात खूनी खेल हो गया। उधार मांगने पहुंचे युवक और उसके दोस्त पर चखना सेंटर संचालक पिता-पुत्र ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीन लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के हर्षित चक्रवर्ती 32 वर्ष की दुकान से सुभाषनगर का बबलू ढाली पिता सदानंद ढाली ने कुछ दिन पहले सामान खरीदा था, जिसका 70 रुपये बकाया रह गया था। बबलू सुभाषनगर स्थित शासकीय शराब दुकान के पास चखना सेंटर चलाता है। गुरुवार रात करीब 8 बजे हर्षित अपने दोस्त राहुल पटेल के साथ बकाया मांगने चखना सेंटर पहुंचा। रुपये मांगते ही विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच बबलू और उसके पिता ने जेब से चाकू निकालकर हर्षित पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राहुल के गले पर भी चाकू से वार कर दिया।
चाकू के वार से हर्षित के चेहरे, ठुड्डी, हाथ और जांघ में गहरे घाव हो गए। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों हमलावरों को रोका और पुलिस को घटना की सूचना दी। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि, हर्षित को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया जहां डॉक्टरों ने उसे 41 टांके लगाए गए, वहीं राहुल पटेल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 20 टांका लगाया गया है। दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घायलों की रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र बबलू ढाली और सदानंद ढाली के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिर्फ 70 रुपये के लिए हुई चाकूबाजी की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी है।
