मृत्यु के बाद मुआवजा का 15 लाख हड़पने का पिता ने लगाया आरोप

अंबिकापुर। मोटर दुर्घटना में मृत पुत्र के मुआवजे की राशि को लेकर जशपुर जिले से एक गंभीर शिकायत सामने आई है। माझापारा बगीचा निवासी दुहन राम ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नाम लिखित शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी और मैनपाट निवासी एक युवक ने मिलकर पुत्र की मौत के एवज में न्यायालय से मिली मोटर दुर्घटना दावा का 15 लाख क्षतिपूर्ति राशि फर्जी तरीके से अपने खाते में डलवा लिया।
जानकारी के मुताबिक, दुहन राम के पुत्र अर्जुन की मृत्यु 25 अगस्त 2023 को मोटर दुर्घटना में हो गई थी। इस संबंध में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण कुनकुरी, जिला जशपुर में प्रकरण विचाराधीन था। न्यायालय ने प्रकरण में दुहन राम के पक्ष में कुल 15 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि देने का आदेश पारित किया था। दुहन राम का आरोप है कि, उसकी पत्नी जब पुत्र डेढ़ वर्ष का था, उसी समय साथ छोड़ दी और मोहन बादी निवासी मैनपाट के साथ रहने लगी थी। इसका फायदा उठाकर मोहन बादी ने न्यायालय को गुमराह करते हुए अपना नाम दुहन यादव उर्फ मोहन यादव पिता गेंदालाल के रूप में अंकित करवा लिया। इसके बाद उसके पुत्र की मृत्यु के बाद न्यायालय द्वारा मोटर दुर्घटना के एवज में आवेदक के पक्ष में पारित की गई पूरी राशि को वह अपनी पत्नी राधा से मिलीभगत करके हासिल कर लिया।
दुहन राम ने शिकायत में बताया है कि, बच्चे को छोड़कर पत्नि के जाने के बाद पुत्र का लालन-पालन और भरण-पोषण वह स्वयं किया, इसलिए पुत्र की मृत्यु के बाद मोटर दुर्घटना की राशि का असली हकदार वही है। जब दुहन राम ने राशि को आधा-आधा बांटने के लिए कहा तो मोहन बादी ने उसे धमकी दी और रुपये देने से इंकार कर दिया। दुहन राम ने आईजी और एसपी से मांग की है, दोनों पति-पत्नि के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज करके मुआवजा राशि 15 लाख रुपये वापस दिलाया जाए और कठोर कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच के लिए आश्वस्त किया गया है।

 

 

Categorized in: