बैकुंठपुर पीआरएस काउंटर से भेजे जाते थे फर्जी टिकट, 3.68 लाख के 60 टिकट बरामद

अंबिकापुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आरक्षित रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में बैकुंठपुर सिटी पीआरएस काउंटर में तैनात नगर पालिका के संविदा कर्मचारी समेत उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के मोबाइल से 3 लाख 68 हजार 351 रुपये कीमत के 60 तत्काल और सामान्य टिकटों के स्क्रीनशॉट मिले हैं।

ऐसे हुआ खुलासा
दरअसल, 1 अगस्त को इलाहाबाद जंक्शन पर जांच के दौरान एक फर्जी टिकट पकड़ा गया था। यह टिकट बैकुंठपुर काउंटर से जारी खाली टिकट पर पेन से पीएनआर और अन्य जानकारी हाथ से लिखकर तैयार किया गया था। सिस्टम में पीएनआर गलत पाए जाने पर जीआरपी जौनपुर ने 5 अगस्त को बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज किया था। इसके बाद वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त बिलासपुर के निर्देश पर आरपीएफ निरीक्षक सुनीता मिंज के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।
इस तरह चल रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि अविनाश कुमार, जो बैकुंठपुर नगर पालिका का संविदा कर्मचारी है और सिटी पीआरएस काउंटर पर तैनात था, खाली टिकटों पर हाथ से पीएनआर नंबर लिखकर फर्जी टिकट तैयार करता था। इसके बाद वह टिकटों की जानकारी उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के पिरखापुर निवासी संजय कुमार विश्वकर्मा को भेजता था। पूछताछ में अविनाश ने बताया कि वह तैयार टिकटों को बस के जरिए बनारस भेजता था और प्रति यात्री 400 रुपये कमीशन लेता था। वहीं संजय उन टिकटों को यात्रियों को अधिक कीमत पर बेचता था और प्रति टिकट 600 से 800 रुपये तक मुनाफा कमाता था।

व्हाट्सएप चैट से मिला 3.68 लाख का सबूत
आरपीएफ ने संजय के मोबाइल की जांच की तो व्हाट्सएप चैट से 60 तत्काल और सामान्य टिकटों की जानकारी मिली। इनमें 14 टिकट ऐसे थे जिन पर पीएनआर नंबर हाथ से लिखा गया था। जांच में पता चला कि इन टिकटों की जानकारी अविनाश के मोबाइल से भेजी गई थी। दोनों आरोपियों से टिकटों की खरीद-बिक्री का वैध अधिकार पत्र मांगा गया, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने अतिरिक्त राशि लेकर टिकट बेचने की बात स्वीकार की।

मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
आरपीएफ ने मोबाइल से मिले स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 16 अगस्त 2026 को रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध क्रमांक 727/26 दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

Categorized in: