0 घायलों को लेने पहुंची थी 112 की टीम
0 प्रतापपुर पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस 
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत रामपुर-खजुरी मार्ग पर हुए सड़क हादसे के बाद डायल-112 के चालक एवं एक आरक्षक पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। ज्ञात हो कि बीते 19 जून की रात रामपुर-खजुरी मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के कारण बाइक सवार चार युवकों में से तीन की मौत हो गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार आरक्षक निशांत टोप्पो एवं चालक विजय कुमार पटेल दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाने के बाद पुनः घटनास्थल लौटे थे। इसी दौरान वहां मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने डायल-112 वाहन को घेर लिया। भीड़ ने देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए आरक्षक और चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी तथा देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। हमले में आरक्षक निशांत टोप्पो को आंख, सिर, सीने, पैर और कंधे में चोटें आईं, जबकि चालक विजय कुमार पटेल को भी सिर, पीठ और दोनों कंधों में चोट लगी। आरोपियों ने आरक्षक की वर्दी तक फाड़ दी। बाद में दोनों घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और मामले में  अपराध दर्ज किया गया।

आरक्षक निशांत टोप्पो की शिकायत पर थाना प्रतापपुर में अपराध धारा 296, 115(2), 221, 132, 121(1), 191(2) एवं 190 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने एमरजेंसी सेवा में तैनात आरक्षक व चाक पर हमला करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए तथा साक्ष्य एकत्रित किए। आरक्षक की फटी हुई वर्दी को भी जब्त कर प्रकरण में शामिल किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम बैकोना निवासी मुकेश पैकरा, प्रकाश पैकरा उर्फ जीरा, करमसाय पैकरा, नरेश कुमार पैकरा, शिवसागर पैकरा, अभय पैकरा, पारसनाथ पैकरा एवं रामकेवल पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को  गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई गई, जहां प्रार्थी आरक्षक निशांत टोप्पो और चालक विजय कुमार पटेल ने सभी आरोपियों की पहचान की। वहीं ट्रक में आगजनी के मामले में पुलिस ने धारा 324(5) बीएनएस के प्रकरण में आरोपी मुकश्ेा उर्फ सीजय पैंकरा व दिपेश पैंकरा  को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 23 जून को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया गया और गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर 7 जुलाई तक न्यायिक रिमांड की मांग की गई। पुलिस का कहना है कि शासकीय कर्मचारियों पर हमला, शासकीय कार्य में बाधा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मामले की विवेचना अभी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेन्द्र सिंह, पीएसआई सम्पत कुमार व विकास गजेन्द्र, एएसआई विरेन्द्र यादव, राजेश यादव, बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र भगत, रविशंकर चौबे, अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा, आरक्षक भीमेश आर्मो, राजकुमार पासवान, राजेश तिवारी, प्रकाश साहू, अपील चौधरी व निरंजन एक्का सक्रिय रहे।

Categorized in: