भाजपा 25 जून को संविधान हत्या दिवस, 26 जून को आपातकाल स्मृति दिवस मनायेगा

अंबिकापुर। आपातकाल के 51 साल पूरे होने पर भाजपा 26 जून को आपातकाल स्मृति दिवस मनाएगी। 25 जून से पूरे प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। मुख्य कार्यक्रम 28 जून को रायपुर में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने शहर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि, आपातकाल की स्मृति को जीवित रखने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 25 जून को संविधान हत्या दिवस तथा 26 जून को आपातकाल स्मृति दिवस मनाया जाता है। 26 जून 1975 से मार्च 1977 तक, 21 माह के आपातकाल को देश कभी भूल नहीं सकता। इस कालखंड में नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन किया गया एवं हजारों लोकतंत्र समर्थकों को मीसा सहित अन्य कठोर कानूनों के अंतर्गत जेलों में बंद किया गया। प्रेस की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाये गये। समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया। उन्होंने आगे कहा ऐसे लोकतंत्र सेनानियों को मुख्यमंत्री द्वारा 28 जून, रविवार को भव्य सम्मेलन 11 बजे से रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में भाजपा सहित अन्य संगठन के पदाधिकारी व प्रबुद्ध वैचारिक संस्थाओं, मंत्रियों, विधायकों, निगम आयोग अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम में आपातकाल का काला इतिहास एवं संविधान हत्या दिवस विषय पर प्रबुद्धजनों के व्याख्यान होंगे और इस विषय पर प्रकाशित विशेष स्मारिका आपातकाल योद्धा का विमोचन किया जायेगा। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महामंत्री भाजपा द्वय विनोद हर्ष व अरुणा सिंह, महापौर मंजूषा भगत तथा लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश महामंत्री कुलवंत सिंह, प्रहरी के प्रदेश महामंत्री तथा सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी व अंबिकापुर प्रहरी जिलाध्यक्ष सोम शेखर मिश्रा, मनीष सिंह, एमआईसी सदस्य भी उपस्थित थे।

प्रदेश स्तरीय होगी निबंध प्रतियोगिता

भाजपा प्रदेश इकाई द्वारा आपातकाल व संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम क्रियान्वयन हेतु गठित पांच सदस्यीय समिति के प्रांतीय संयोजक सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि, लोकतंत्र सेनानी संघ के सहयोगी संगठन लोकतंत्र प्रहरी के तत्वाधान में विद्यालय व महाविद्यालय स्तर पर प्रदेश स्तर की आपातकाल कभी विस्मृत न हो एवं 25 जून को संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा विजयी प्रथम, द्वितीय, तृतीय चयनित छात्रों को विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर 31 हजार रुपये, 21 हजार रुपये और 11 हजार रुपये नकद पुरस्कार और दोनों स्तरों पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार सभी 520 शामिल विद्यार्थियों सहित विद्यालय व महाविद्यालय के प्राचार्यों को भी मुख्यमंत्री द्वारा 28 जून को सम्मानित किया जाएगा।

लोकतंत्र सेनानियों को मुख्यमंत्री ने भेजा आमंत्रण

सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि आयोजन में शामिल होने के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों को निमंत्रण पत्र देकर आमंत्रित किया है। इस मौके पर होने वाली निबंध प्रतियोगिता व कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552092 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 25 जून संविधान हत्या दिवस व 26 जून आपातकाल स्मृति दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी, इसकी घोषणा प्रदेश स्तरीय गठित 5 सदस्यीय समिति की आयोजित बैठक में 20 जून को होगी।  

Categorized in: