पड़ोसी राज्यों को जोड़ने वाला है प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग, सरगुजा के विकास को मिलेगी गति

अंबिकापुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अंबिकापुर-पत्थलगांव सेक्शन (एनएच-43) अंतर्गत अंबिकापुर, सीतापुर एवं पत्थलगांव बायपास को वर्तमान प्रस्तावित टू-लेन के स्थान पर 4-लेन परियोजना के रूप में स्वीकृति प्रदान करने आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई हेतु अधिकारियों के पास प्रेषित किया है। इसे सरगुजा एवं जशपुर क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा पर्यटकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अंबिकापुर से पत्थलगांव तक का यह मार्ग उत्तर छत्तीसगढ़ के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है, जहां लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण चौड़ीकरण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

बता दें कि, सरगुजा और जशपुर अंचल प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध क्षेत्र है। अंबिकापुर-पत्थलगांव मार्ग उत्तर छत्तीसगढ़ को राज्य के अन्य हिस्सों तथा पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाला प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है। इसके उन्नयन से सड़क सुरक्षा में सुधार, यात्रा समय में कमी और माल परिवहन की दक्षता में वृद्धि होगी। साथ ही, सरगुजा और जशपुर जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्रों तक पहुंच भी अधिक सुगम होगी। बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना शीघ्र आगे बढ़ेगी और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने लिखा था केंद्रीय मंत्री को पत्र

सरगुजा अंचल की सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था, जिसमें अंबिकापुर, सीतापुर एवं पत्थलगांव बायपास को टू-लेन के बजाय 4-लेन परियोजना के रूप में स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया था। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि, यह मार्ग न केवल यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सरगुजा और जशपुर क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार, उद्योग, कृषि एवं सामाजिक विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। केंद्रीय मंत्री ने इसे त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया है, जिससे भविष्य में परियोजना को गति मिलने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

सुगम-सुरक्षित यातायात के साथ कई गतिविधियों को मिलेगी गति

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि, अंबिकापुर, सीतापुर और पत्थलगांव क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से बहुप्रतीक्षित मांग रही है। इस मार्ग का 4-लेन विस्तार होने से न केवल यातायात सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार, कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इसके लिये पहल करने का आग्रह किया था। इसे सकारात्मक संज्ञान में लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिये निर्देशित किया है, जो स्वागत योग्य है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

Categorized in: