कर्तव्य में तैनाती के दौरान आरोपियों ने घटना को दिया था अंजाम

अंबिकापुर। लुण्ड्रा थाना पुलिस ने डॉयल 112 वाहन में तैनात आरक्षक पर हमला करने के मामले में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इसके पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुये आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये थे।

जानकारी के मुताबिक, 03 जून को डॉयल 112 में लड़ाई-झगड़ा होने के संबंध में इवेन्ट रात्रि 10.09 बजे प्राप्त हुआ था। इसके बाद थाना लुण्ड्रा में पदस्थ आरक्षक बहाल राम व चालक डेविड कुजूर मौके पर प्राप्त पता व लोकेशन के आधार पर ग्राम महोरा में आम बगीचा के पास पहुंचे, यहां 4-5 व्यक्ति आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे जो शराब पिये हुए थे। डॉयल-112 वाहन को देखकर ये भाग गये, वहीं पर कुछ दूरी पर दो व्यक्ति थे, उनको भी समझा बुझाकर वापस थाना जाने के लिए जब वे निकले तो कई लोग डण्डा, राड लेकर पहुंच गये और अश्लील गाली-गलौज करने लगे। आरक्षक ने इन्हें समझाया कि लड़ाई-झगड़ा हो रहा था, उसी सूचना में आये थे। इसके बाद आरोपियों ने आरक्षक व चालक को घेर लिया और काफी देर तक बंधक बनाकर रखे थे। समझाने के बावजूद भी वे नहीं मान रहे थे। इस दौरान अचानक आरोपियों के द्वारा रॉड से आरक्षक पर हमला कर दिया गया, जिससे आरक्षक के सिर, दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई और खून निकलने से वह बेहोश हो गया था। डॉयल-112 वाहन के चालक ने इस दौरान बीच-बचाव किया और आरक्षक को गाड़ी में बैठाकर लुण्ड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती करने की नौबत बन गई थी। आरोपियों के द्वारा ड्यूटी के दौरान पुलिस आरक्षक को भयकारित करते हुए रॉड से मारकर चोट पहुंचाया गया था। प्रार्थी आरक्षक बहाल राम की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया।

इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजी पुलिस  

प्रकरण पंजीबद्ध करने के उपरांत प्रार्थी, गवाहों का कथन, घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलबर नागेश 21 वर्ष निवासी ग्राम महोरा, संतोष पैंकरा 30 वर्ष निवासी ग्राम कुदर, लक्ष्मी नारायण 22 वर्ष निवासी ग्राम महोरा, आकाश कुमार 8 वर्ष निवासी लुण्ड्रा को विधिवत गिरफ्तार करे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इसके पहले प्रकरण में आरोपी अनुक साय पैंकरा व अजीत पैंकरा को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की पता-तलाश की जा रही थी। कार्रवाई में थाना लुण्ड्रा से सहायक उपनिरीक्षक शिवचरण राम साहू, प्रधान आरक्षक नारायण मिंज, आरक्षक संजय केरकेट्टा, इबनुल खान की भूमिका महत्वपूर्ण रही।      

Categorized in: