चालक का गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

अंबिकापुर। मणीपुर थाना अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे से लगे ग्राम भि_ीकला में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात तेज रफ्तार कार की सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार में सवार एक युवक अंदर ही फंसा रह गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। वहीं कार चालक का भी गंभीर स्थिति में उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, लखनपुर निवासी तेजपाल पिता स्व. अरविंद नाई 19 वर्ष, मंगलवार को शाम करीब 4 बजे घर से अपने चाचा के सैलून में जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह सैलून नहीं पहुंचा, और ग्राम नरकालो के दीपक सोनी के साथ स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 04 ओएस 4079 में अंबिकापुर आया था। वापस लौटते समय देर रात करीब 2.30 बजे मणीपुर थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे में शासकीय प्राथमिक पाठशाला के पास सड़क के किनारे खड़ी टीपर वाहन के पीछे तेज रफ्तार कार घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, और कार में सवार तेजपाल 19 वर्ष वाहन में बुरी तरह से फंसे रह गया।

हादसे की सूचना मिलने पर मणीपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और देर रात हो रही बारिश के बीच कार में फंसे घायल को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, और गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। कार चालक दीपक सोनी को गंभीर चोटें आई हैं, उसका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

हाल में ब्लैक स्पॉट का हुआ था निरीक्षण

बता दें कि, हाल ही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के साथ एनएच के जिम्म्ेदारों ने अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे में सरगुजा सरहद तक के ब्लैक स्पॉट का अवलोकन किया था। इसके बाद भि_ीकला क्षेत्र में पुन: गंभीर दुर्घटना की पुनरावृत्ति हो गई। ग्राम भि_ीकला में पूर्व में भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। हालांकि यह दुर्घटना खड़ी वाहन के पीछे तेज रफ्तार में घुसने से हुई है। माना जा रहा है कि देर रात तेज बारिश के कारण सड़क के किनारे खड़ी ट्रक वाहन पर चालक की नजर नहीं पड़ी होगी, और दुर्घटना की स्थिति बन गई। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने सड़क के किनारे असुरक्षित तरीके से वाहन खड़ी न रहें, इस पर भी ध्यान देने की जरूरत महसूस कर रहे हैं।

कार की ठोकर से बाइक सवार चिकित्सक घायल

गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या परिसर रोड में शिव मंदिर के सामने कार के चालक ने मोटरसायकल सवार चिकित्सक को ठोकर मार दिया। साथी चिकित्सक की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार वाहन के चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में बायोकैमिस्ट्री विभाग में पीजी डॉ. अर्जुन कुमार, निवासी मेडिकल कॉलेज कैम्पस गंगापुर ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि, 8 जून को रात करीब 7 बजे वे घर में थे, उसी समय डॉ. मंयक दुबे ने फोन करके बताया कि डॉ. गौरी शंकर पटेल का कन्या परिसर रोड में शिव मंदिर के सामने एक्सीडेंट हो गया हैं। इसकी सूचना पाकर जब वे अपने साथी डॉ. अभय यादव के साथ घटनास्थल के पास गये तो डॉ. गौरी शंकर अपने दाहिने हाथ को पकड़ कर बैठे थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि वे अपने मोटरसायकल क्रमांक सीजी 11 एजेड 4915 में घर से कन्या परिसर रोड होते लैपटॉप बनवाने के लिए शहर की ओर जा रहे थे। इसी बीच शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच सामने की ओर से आ रही मारूति सुजुकी कार वाहन क्रमांक सीजी 15 ईए 4416 के चालक ने काफी तेजी रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुये मोटरसायकल को सामने से ठोकर मार दिया, जिसमें वे घायल हो गये। साथी चिकित्सक ने एम्बुलेंस बुलवाकर उन्हें डॉ. मयंक दुबे के साथ मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच कर रही है।

Categorized in: