अंबिकापुर। सरगुजा जिला किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के 5 होनहार खिलाड़ी एवं 1 कोच राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ओडिशा के खोरधा रवाना हुए। 30 मई से 3 जून 2026 तक केटी ग्लोबल स्कूल में आयोजित होने वाली बॉयज व गर्ल्स जूनियर नेशनल किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में सरगुजा जिले के खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी भाग लेंगे। सरगुजा टीम में बॉयज वर्ग से शौर्य वर्धन सिंह, आयुष सारथी एवं विशेष सोनपाकर तथा गर्ल्स वर्ग से संगीता सिंह एवं नुपुर सिंह का चयन हुआ है। खिलाड़ियों के साथ टीम कोच सरवर एक्का भी रवाना हुए। लगातार प्रशिक्षण और अनुशासित तैयारी के बाद खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिससे जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। कोच ने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है, और सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। सुरगुजा जिला किक बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं जिले के खेल प्रेमियों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में इनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।

Categorized in: