राजापुर उपतहसील में विधायक की चचेरी बहन के साथ कथित अभद्रता से भड़का आक्रोश

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना अंतर्गत राजापुर उप तहसील में बुधवार को सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मणिक के साथ मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगा है। इस दौरान पहुंचे सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा के साथ भी अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। घटना से राजस्व अधिकारियों में नाराजगी है। नायब तहसीलदार ने राजस्व अधिकारियों के साथ कोतवाली थाना अंबिकापुर पहुंचकर घटना की शिकायत की है।

जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन के नो ड्यूज फाइल को लेकर हुई। उन्होंने 14 मई को तहसील कार्यालय में फाइल जमा की थी। आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मणिक द्वारा हस्ताक्षर करने में लगातार विलंब किया जा रहा था। बुधवार को उन्हें फोन करके कार्यालय बुलाया था, जिससे उन्हें उम्मीद थी कि उनका काम हो जाएगा। आरोप है कि जब उन्होंने फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया तो नायब तहसीलदार भड़क गए। उन्होंने कहा कि तुम हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली कौन होती हो, मैनपाट जाकर हस्ताक्षर करा लो। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि, यदि काम मैनपाट से होना था तो पहले ही जानकारी दे देते, इतने दिनों तक उन्हें परेशान नहीं होना पड़ता। इसी दौरान नायब तहसीलदार ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और कर्मचारियों से उन्हें तहसील कार्यालय से बाहर निकालने कहा। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक समर्थक मौके पर पहुंचे, और माहौल तनावपूर्ण हो गया। नायब तहसीलदार को विधायक समर्थक कार्यालय से बाहर सड़क में ले गए और उनकी पिटाई कर दी, उनके कपड़े फाड़ दिए गए। विधायक रामकुमार भी मौके पर पहुंचे, उन पर भी नायब तहसीलदार से मारपीट करने का आरोप लगा है।

कलेक्टर ने कहा-होगी निष्पक्ष कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा मौके पर पहुंचे और मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी अभद्रता की गई। इसके बाद एसडीएम और नायब तहसीलदार तुषार मणिक सीधे अंबिकापुर रवाना हो गए। सरगुजा कलेक्टर ने दोनों पक्षों की शिकायत पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की बात कही है।

पुलिस के संज्ञान में आया मामला

मामला सीतापुर थाना पुलिस के संज्ञान में भी आया है। विधायक रामकुमार टोप्पो भी घटना के बाद सीतापुर थाना पहुंचे थे। उनकी चचेरी बहन और समर्थकों ने नायब तहसीलदार के द्वारा किए गए अभद्रता की जानकारी पुलिस को दी है। घटना को लेकर राजस्व अधिकारी संघ में आक्रोश है। अब देखना यह है कि, मामला किस हद तक तूल पकड़ पाता है।

Categorized in: