सरगुजा रेंज ने बुनियादी प्रशिक्षण दौरान विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान आईजीप्राप्त नौजवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया

अंबिकापुर। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) के मुख्य आतिथ्य में पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट का 12वां दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आये कुल 83 नवआरक्षकों द्वारा परेड ग्राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मुख्य अतिथि को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक पी.टी.एस. मैनपाट जिला सरगुजा सचिंद्र चौबे द्वारा पुलिस महानिरीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए दीक्षांत परेड समारोह में शामिल सभी नवआरक्षकों के प्रतिभाओं के बारे में सामान्य जानकारी दी और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

पुलिस महानिरीक्षक ने अपने उद्बबोधन में कहा कि, आरक्षक पुलिस विभाग का अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण अंग है, जो सीधे तौर पर आम जनता से जुड़कर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है। उसके कार्य एवं आचरण से विभाग की छवि बनती है। उन्होंने कहा आप सभी ने अनुशासित रहकर निर्धारित समय में इस प्रशिक्षण विद्यालय के द्वारा प्राप्त किया है, अब अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन नवीन कानूनों के अनुरूप पूर्णत: निष्पक्षता के साथ लगन व मेहनत से करना है। उनके द्वारा सभी नवआरक्षकोंं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले नौजवानों को मुख्य अतिथि के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। दीक्षांत परेड समारोह का नेतृत्व परेड कमाण्डर दिलीप खलखो एवं सहायक परेड कमाण्डर रोहन चन्द्राकर के द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट के द्वारा मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, कमाण्डेंट 18वीं वाहिनी उसबल मनेन्द्रगढ संजय शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक पीटीएस माना रायपुर राजकुमार मिंज को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। दीक्षांत परेड समारोह में पुलिस अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकारों एवं आम नागरिकों की उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आशीष कच्छप ने किया।  

इन जिलों के नवआरक्षक दीक्षांत परेड में हुये शामिल

दीक्षांत परेड समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से आये नवआरक्षकों में जिला महासमुंद से 03, रायपुर से 20, राजनांदगांव से 07, रायगढ़ से 04, दुर्ग से 06, जशपुर से 04, कोरबा से 03, बालोद से 02, एमसीबी से 02, बिलासपुर से 05, बलरामपुर से 04, सरगुजा से 02, बेमेतरा से 01, धमतरी से 07, सूरजपुर से 01, गरियाबंद से 02, कबीरधाम से 03, बलौदाबाजार से 01, सक्ती से 01, कोरिया से 01, मुंगेली से 01, मोहला-मानपुर से 02, ईओडब्ल्यू रायपुर से 01 शामिल रहे।

Categorized in: