वॉकथान में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों, नागरिकों की रही उत्साहपूर्ण सहभागिता

अंबिकापुर। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की शृंंखला के अंतर्गत शुक्रवार को आकाशवाणी अंबिकापुर द्वारा भव्य वॉकथान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, आकाशवाणी के वर्तमान एवं पूर्व कलाकारों, प्रस्तुतकर्ताओं, अधिकारियों व कर्मचारियों, नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

वॉकथान की शुरुआत आकाशवाणी अंबिकापुर परिसर से हुई। वॉकथान को लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पार्षद आलोक दुबे, विजय सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा गांधी चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड होते हुए महामाया चौक पहुंची और पुन: आकाशवाणी परिसर लौटकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए और आकाशवाणी की 90 वर्षों की ऐतिहासिक एवं गौरवशाली यात्रा को याद किया। रेडियो से जुड़े लोगों ने कहा कि, रेडियो आज भी समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला सबसे विश्वसनीय और प्रभावी माध्यम बना हुआ है। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमेन्द्र कुमार ने सभी विशिष्ट अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत पुष्पगुच्छ, टी-शर्ट एवं वॉकथान की विशेष टोपी भेंट करके किया। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथान को रवाना किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि, रेडियो आज भी समाज के हर वर्ग तक पहुंच रखने वाला प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मन की बातÓ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि, रेडियो संवाद का सबसे सशक्त मंच बना हुआ है। उन्होंने आयोजन के लिए आकाशवाणी परिवार को बधाई दी। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि, फुलवारी और युववाणी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उनका आकाशवाणी से गहरा जुड़ाव रहा है। रेडियो की प्रासंगिकता आज भी लगातार बढ़ रही है। नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने अपने उद्बोधन की शुरुआत यह आकाशवाणी अंबिकापुर है, शैली से करते हुए कहा कि, आकाशवाणी ने देश की आवाज, भारत की आवाज के रूप में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अपनी गहरी पहचान बनाई है। वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि, उनके परिवार के सदस्य आकाशवाणी में अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे हैं। उन्होंने बहुचर्चित धारावाहिक ‘भोको दासÓ और सरगुजिहा भाषा में प्रसारित चौपाल कार्यक्रम को याद किया। माता राजा रानी हॉस्पिटल के डायरेक्टर नरेंद्र सिंह टूटेजा ने आकाशवाणी के पुराने दिनों को याद किया। कहा कि, आकाशवाणी हम जैसे लाखों लोगों को पहचान देने वाला केंद्र है। वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश मिश्रा ने आकाशवाणी अंबिकापुर के प्रथम स्टेशन डायरेक्टर अमीक हनफी तथा पुराने कलाकारों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में आयुक्त नगर निगम डीएन कश्यप, पार्षद पपिंदर सिंह, पार्षद शशिकांत जायसवाल, कांत दुबे, रवि शंकर पांडेय, शैलेश कुमार सिंह, पशु चिकित्सक डॉ. सीके मिश्रा, कृषि विज्ञान केंद्र अंबिकापुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संदीप शर्मा, डॉ. प्रशांत शर्मा, हमर हाथी हमर गोठ के प्रस्तुतकर्ता अमलेन्दु मिश्रा, आदित्य नारायण वर्मा, प्राचार्य रविशंकर पांडेय, रत्नेश पांडेय, रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य मुकेश तिवारी, सुनील दुबे सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

भावनात्मक रूप से जोड़ता है रेडियो-आईजी

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने कहा कि, मोबाइल युग में भी रेडियो सबसे विश्वसनीय सूचना और मनोरंजन का माध्यम बना हुआ है। उन्होंने जयमाला, कृषि जगत और बिनाका गीतमाला जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों को याद करते हुए कहा कि, एक समय पूरा देश रेडियो के आसपास जुट जाता था। उन्होंने अमीन सयानी को स्मरण करते हुए कहा कि, रेडियो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करता है।

रेडियो से बहुत कुछ सीखा-एसएसपी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने कहा कि, बचपन से लेकर आज तक रेडियो से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। गांव की चौपालों में बैठकर रेडियो सुनने की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने युववाणी, चौपाल और गीत-संगीत आधारित कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

कई घटनाओं का साक्षी रहा आकाशवाणी

सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमेन्द्र कुमार ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि, स्वतंत्र भारत की पहली सूचना, देश के प्रथम प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक संबोधन तथा राष्ट्रीय महत्व की अनेक घटनाओं का साक्षी आकाशवाणी रहा है। उन्होंने कहा कि 90 वर्षों में आकाशवाणी ने उत्कृष्ट प्रसारण परंपराएं स्थापित की हैं और समाज के हर वर्ग तक अपनी सशक्त पहुंच बनाई है।

Categorized in: