महापौर ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम, कहा-जनता देती है टैक्स

अंबिकापुर। शहर के अंदरूनी सड़कों की खस्ताहालत को लेकर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि, एनएच के अफसर ढीठ हो चुके हैं, मंत्री और सांसद की भी नहीं सुन रहे हैं। 15 दिन में सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का काम नहीं हुआ तो मैं रौद्र रूप दिखाऊंगी। जनता ने मुझे वोट दिया है, हमारी जिम्मेदारी है कि सड़कें ठीक हों।

बता दें कि, अंबिकापुर शहर के देवीगंज रोड, सदर रोड, स्कूल रोड और बिलासपुर रोड की सड़कें नेशनल हाईवे में आती हैं। इन सड़कों की बारिश के दौरान दुर्दशा हो गई थी। नेशनल हाईवे ने सदर रोड और देवीगंज रोड में पेंच रिपेयरिंग का कुछ काम कराया, लेकिन यह भी कुछ दिनों बाद उखड़ गई। स्कूल रोड पर इतने गड्ढे हैं कि रोज हादसे हो रहे हैं। सड़कों की दुर्दशा को लेकर सर्वाधिक किरकिरी नगर निगम की हो रही है। ट्रिपल इंजन की सरकार से शहर में विकास की गंगा बहाने के वायदे के साथ निगम की सत्ता में आसीन भाजपा महापौर को रोज लोगों की खरी-खोटी सुननी पड़ रही है। इससे महापौर भी अफसरों पर बिफरी हुई हैं।

महापौर ने कहा कि, कई बार सांसद चिंतामणि महाराज, मंत्री राजेश अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के अफसरों से बात की, लेकिन वे इतने ढीठ हैं कि सुन ही नहीं रहे हैं। पेंच रिपेयरिंग का टेंडर हो चुका है। महापौर ने कहा कि जनता ने हमें वोट दिया है। शहर की सड़कें अच्छी हों, यह हमारी जवाबदेही है। नगर की जनता हमें टैक्स देती है। नेशनल हाइवे की सड़क जरूर है, लेकिन अधिकारियों की सड़क निर्माण और सुधार के प्रति अरूचि को देखते हुए उन्होंने रौद्र रूप में सामने आने का ऐलान कर दिया है।

वन टाइम इम्प्रूवमेंट के तहत 44.82 करोड़ स्वीकृत

नेशनल हाईवे-43 पर लुचकी घाट से मनेंद्रगढ़ रोड पर रेलवे स्टेशन तक वन टाइम इम्प्रूवमेंट के तहत 44.82 करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। इसके तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से गांधी चौक होते हुए देवीगंज रोड, सदर रोड से खरसिया चौक तक नई सड़क बनाई जाएगी। खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वन टाइम इम्प्रूवमेंट के बाद सड़क नगर निगम को हस्तांतरित कर दी जाएगी। नेशनल हाईवे का यह काम भी शुरू नहीं हो सका है। कुछ स्थानों पर सिर्फ पेंच रिपेयरिंग का काम कराया गया है।

Categorized in: