खोंगापानी पेट्रोल पंप के सामने कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

मनेंन्द्रगढ़ (एमसीबी) । प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दाम एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण के तत्वाधान में खोंगापानी कोल दफ़ाई स्थित पेट्रोल पंप के सामने विरोध प्रदर्शन एवं जनसंवाद कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद करते हुए आम जनता से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष रामनरेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। जनता ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल डीजल के लगातार बढ़ते दाम एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण मंहगाई आये दिन सुरसा की मुंह की तरह विकराल रूप से बढ़ती जा रही है जिससे देश की जनता मंहगाई के बोझ तले दबती जा रही है । केंद्र सरकार बढ़ती मंहगाई के बीच एक बार फिर पेट्रोल व डीजल के दाम में बढ़ोतरी कर देश की जनता को जोर का झटका दिया है। केंद्र की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि चुनाव के पहले जनता से बड़े-बड़े वादे करने वाली केंद्र की भाजपा सरकार ने फिर आम जनता की जेब पर हमला किया है। पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपए की बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने यह साबित कर दिया है कि उसे जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
महंगाई पहले से ही चरम पर है, रसोई से लेकर खेती-किसानी तक हर वर्ग परेशान है, ऐसे समय में ईंधन कीमतों में वृद्धि सीधे आम आदमी की कमर तोड़ने वाला फैसला है। चुनाव के समय राहत और विकास की बातें करने वाली भाजपा सरकार अब जनता से छल करने में लगी हुई है।

Categorized in: