दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के नए प्राचार्य बने अश्वनी वर्मा

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। शिक्षा, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के लिए प्रतिष्ठित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेंद्रगढ़ में नव नियुक्त प्राचार्य अश्वनी वर्मा के आगमन से विद्यालय परिसर में उत्साह एवं नवचेतना का वातावरण व्याप्त हो गया है। विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए इसे संस्था के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। अश्वनी वर्मा उच्च शैक्षणिक योग्यता एवं बहुआयामी अनुभव से समृद्ध व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अंग्रेज़ी विषय में एम.ए., एम.एड. तथा यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएँ उत्कृष्टता के साथ उत्तीर्ण की हैं। शिक्षा क्षेत्र में लगभग 12 वर्षों तक विभिन्न प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान करते हुए उन्होंने संस्थानों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विशेष बात यह है कि वर्ष 2002 से 2013 तक उन्होंने अर्धसैनिक बल एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग अंतर्गत गृह मंत्रालय, भारत सरकार में भी महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। राष्ट्रसेवा एवं प्रशासनिक अनुभव का यह अनूठा संगम उनके व्यक्तित्व को और अधिक प्रभावशाली एवं प्रेरणास्पद बनाता है।
विद्यालय परिवार को विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में विद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों का भी सुदृढ़ विकास होगा। पदभार ग्रहण करने के उपरांत अपने संबोधन में प्राचार्य श्री वर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण एवं जीवन मूल्यों की आधारशिला है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों को संवेदनशील, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनाना है। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मध्य समन्वय एवं विश्वास को विद्यालय की प्रगति का आधार बताते हुए संस्था को उत्कृष्टता के शिखर तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति, समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा उनके सफल एवं गौरवशाली कार्यकाल हेतु शुभकामनाएँ अर्पित कीं।

Categorized in: