दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे, नकदी सहित लाखों का जेवरात लेकर भागे

अंबिकापुर/बलंगी। बलरामपुर जिला के रघुनाथपुर थाना, बलंगी पुलिस चौकी अंतर्गत तीन नकाबपोश दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किए और घर में रखे सोना-चांदी का जेवरात चोरी करके ले गए। घर का स्वामी गरमी के मौसम में घर को बंद करके बाहर ही खाट लगाकर सो रहा था। आहट पर घर स्वामी की नींद खुली और हिम्मत दिखाते हुए एक नकाबपोश को पकड़ लिया, लेकिन वह हाथ में रखे लोहे के हथियार से हमला करके भागने में सफल हो गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, और आरोपियों के खोजबीन में लगी है।

जानकारी के मुताबिक, बलंगी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मझौली निवासी धिरेन्द्र कुमार पाठक पिता रविचन्द्र पाठक 44 वर्ष, 12 मई की रात को घर के आंगन में अकेले सो रहे थे, परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में मध्य प्रदेश गए थे। देर रात करीब 1.30 बजे घर से आ रही खटपट जैसी आवाज को सुनकर जब उनकी नींद खुली तो पता चला कि घर के दरवाजे का कुंडी टूटा हुआ है और तीन नकाबपोश अंदर घुसे हैं। नींद खुलने पर दो व्यक्ति दीवाल से कूदकर भाग गये, एक व्यक्ति को उन्होंने पकड़ लिया था। इस दौरान छीना-झपटी की स्थिति बनी और नकाबपोश ने अपने हाथ में रखे लोहे के हथियार से उनके सीना तथा सिर में हमला कर दिया। इस बीच नकाबपोश का मोबाइल फोन घर के आंगन में गिर गया था। नकाबपोशों के भागने के बाद जब उन्होंने अपने घर का सामान मिलान किया तो दीवान में रखा सोने का मंगलसूत्र, मांग टीका, चैन, अंगूठी, कान का झुकमा, लॉकेट, चांदी का पायजेब के अलावा करीब 35 हजार रुपये नकद राशि नहीं था। पुराने जेवरातों की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है, हालांकि पुलिस ने पेश किए गए पुराने जेवरातों के बिल के आधार पर इसका मूल्यांकन 96 हजार 616 रुपये मात्र किया है। पुलिस के द्वारा दर्ज किए गए रिपोर्ट में नकद रकम का भी उल्लेख नहीं किया गया है। बहरहाल पुलिस ने धिरेन्द्र पाठक की रिपोर्ट पर रघुनाथनगर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 117(1), 309(6), 331(4), 331(6) का मामला दर्ज कर लिया है।

बाहर के सभी दरवाजे का लगा दिया था कुंडी

घर स्वामी से चली झूमाझटकी के बीच एक नकाबपोश का जो मोबाइल फोन गिरा था, उसके कॉल डिटेल सहित अन्य जानकारियों को खंगालने में पुलिस लगी है। अभी तक जिस प्रकार की सुगबुगाहट सुनने को मिल रही है, उससे यही प्रतीत हो रहा है कि, नकाबपोश मध्य प्रदेश के होंगे। वारदात को अंजाम देने के पहले इन्होंने घर के सभी बाहरी मार्ग के दरवाजे का कुंडी बाहर से लगा दिया था। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घर स्वामी के बाहर सोने से ये अनजान रहे और एक दरवाजे का कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। नकाबपोश से चल रहे संघर्ष के बीच धिरेन्द्र पाठक ने आसपास के लोगों को आवाज लगाकर सचेत करने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच नकाबपोश के द्वारा किए गए हमले से वे सहम गए, इसका फायदा उठाकर एक नकाबपोश भागने में सफल हो गया।

अपराधिक वारदात बढ़ने से सहमे लोग

रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में आए दिन अपराधिक वारदातों के होने से लोग सहमे हुए हैं। अभी तक तो बाइक चोरियों का मामला ही सामने आ रहा था, लेकिन जिस प्रकार घर में घुसकर नकाबपोशों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई, इससे पेशेवर गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा क्षेत्र में होने लगी है। बहरहाल मामले में पुलिस के द्वारा हर एंगल से अपराधियों की खोजबीन की जा रही है। नकाबपोश का मोबाइल फोन पुलिस के बड़ा सूत्रधार साबित हो सकता है। मोबाइल फोन से घटनाक्रम के पूर्व बातचीत किए गए नम्बरों को भी पुलिस खंगाल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस किसी नतीजे तक पहुंचकर अपराधियों का पर्दाफास करने में सफल होगी।

Categorized in: