शहर के युवक का संदिग्ध हाल में जंगल में मिला था अर्द्धनग्न शव

अंबिकापुर। शहर के मिशन चौक में दाबेली दुकान का संचालन करने वाले अमन ओझा उर्फ टुनटुन का शव रंका थाना अंतर्गत बरवाही जंगल में मिलने के मामले में रंका थाना पुलिस, घटना को सड़क हादसे से जोड़कर देख रही है, वहीं मृतक के स्वजन इसे हत्या बता रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद लाश को जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया था। मामले में गहन जांच की मांग की गई है।

बता दें कि, केदारपुर निवासी अमन ओझा उर्फ टुनटुन अंबिकापुर के मिशन चौक पर पिछले कई वर्षों से दाबेली दुकान का संचालन कर रहा था। लगभग डेढ़ माह पूर्व उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अपनी पत्नी को धर्म विशेष के एक युवक द्वारा भगाकर ले जाने की बात कहते हुए न्याय की मांग कर रहा था। इसके कुछ दिन बाद उसने पुन: एक वीडियो जारी करके लगाए गए आरोपों से स्वयं इन्कार कर दिया था। हाल ही में चार दिन पूर्व 7 मई को टुनटुन ने कलेक्टर को आवेदन देकर पत्नी को धर्म विशेष के युवक द्वारा भगा ले जाने और अज्ञात मोबाइल नम्बर से जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया था।

बताया जा रहा है कि, शनिवार 9 मई को वह एक व्यक्ति का मोटरसायकल लेकर राजपुर-बलरामपुर होते हुए सीधे गोदरमाना में अपने मौसी के घर पहुंच गया। मौसी के घर खाना खाने के बाद शाम को अपने मौसा के साथ रामानुजगंज बस स्टैण्ड गया, यहां वह अपने घर बिहार के भोजपुर जिले में स्थित अपने गृहग्राम बंकट जाने की इच्छा जतायी। इसके बाद युवक को बस स्टैण्ड में छोड़कर उसके मौसा वहां से चले गये। रंका में युवक का शव मिलने और पुलिस के द्वारा की जा रही जांच के दौरान रामानुजगंज बस स्टैण्ड का सीसीटीव्ही खंगालने पर सामने आया कि, रामानुजगंज से पटना जाने वाली एक बस में टुनटुन जाता दिखाई दिया। इसके बाद रास्ते में क्या हुआ, इसके बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा।

टुनटुन के मौत की खबर सुनकर उसके माता-पिता के साथ स्थानीय लोग भी घटनास्थल पहुंचे। संबंधित थाना क्षेत्र रंका पुलिस द्वारा जांच किये जाने के बाद प्रारंभिक तौर पर इसे सड़क दुर्घटना में मौत होना बताया गया, मगर स्वजन को फिलहाल यह गले नहीं उतर रहा है। युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है, या मामला हत्या से जुड़ा है, इस पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है। मृतक के शरीर पर मिले गहरे जख्मों को देखकर संभावना जताई जा रही है कि, उसकी हत्या कहीं और करने के बाद लाश को जंगल में लाकर फेंक दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: