रायगढ़। शादी का पवित्र बंधन सिर्फ सात फेरों से नही बल्कि ढोल नगाडों के गंूज में नये दुल्हा-दुल्हन को जलते हुए अंगारों में चलाकर पिछले कई दशकों से जिले में यह परंपरा निभाई जाती है। यह अनोखी परंपरा न केवल गांव में बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बन चुकी है। रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 20 किलोमीटर दूर स्थित बिलासपुर गांव में अनोखी शादी की परंपरा पिछले कई दशकों से चली आ रही है। घर के मुखिया महेत्तर राठिया ने बताया कि राठिया परिवार के गंधेल गोत्र के लोग जब शादी करके दुल्हन घर लाते हैं, तब घर के देवी देवताओं की पूजा अर्चना करके शादी के लिये सजाए गए मंडप में अंगारा बिछाकर दुल्हा-दुल्हन के अलावा परिवार के अन्य सदस्य चलकर इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुल्हन घर से विदाई के बाद से दुल्हा-दुल्हन के अलावा परिवार के कुछ सदस्यों का उपवास शुरू हो जाता है, इस दौरान वे लोग पानी तक ग्रहण नही करते। इस शादी को देखने गांव के लोगों के अलावा दूसरे गांव से भी लोग भारी संख्या में पहुंचते हैं।

घर के मुखिया पर सवार होते हैं देवता
इस अनोखी शादी की परंपरा के दौरान मंडप में बकरे की बलि देते ही घर के मुखिया पर देवता सवार हो जाता है और फिर वह नाचते-झुमते जलते हुए अंगारो को मंडप पर बिछाना शुरू कर देता है। जिस पर वह स्वयं, दुल्हा, नई दुल्हन के अलावा परिवार के अन्य सदस्य नंगे पैर चलकर फेरे लेते हैं इसके बावजूद उनके पैरों में जरा भी जख्म नही होता, जो कि अपने आप में आश्चर्य की बात है।

परिवार के कई सदस्य रहते हैं उपवास
राठिया परिवार के सदस्यों ने बताया कि परिवार के कई सदस्य आज सुबह से उपवास हैं। दुल्हन को अपने घर लाने के बाद घर के बाहर पहले एक बकरे की बलि देने के बाद बकरे की खून से तिलक लगाकर दूल्हा- दुल्हन को घर में प्रवेश कराया गया, उसके बाद दुल्हे के मंडप के नीचे देवी देवताओं की पूजा अर्चना करके दूसरे बकरे की बलि देने के बाद घर के कई सदस्यों ने अंगारों में चलने की परंपरा को निभाया।

राठिया परिवार में बरसो से चली आ रही परंपरा
गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि बिलासपुर गांव की जनसंख्या तकरीबन 11 सौ के आसपास है और इस गांव में राठिया परिवार के गंधेल गोत्र के दो ही परिवार हैं। उनका कहना है कि वे लोग अपने बचपन से देखते आ रहे हैं जब भी इस परिवार में शादी होती है, दुल्हा, दुल्हन और परिवार के कई सदस्य अंगारों में चलकर इस परंपरा को निभाते आ रहे हैं।

देवता ना हो नाराज इसलिए परंपरा निभाना जरूरी
राठिया परिवार के सदस्यों से इस अनोखी परंपरा को कई दशकों से आज तक मनाने के संबंध में पूछने पर उन्होंने बताया कि इस परंपरा को नहीं मनाने पर उनके घर के देवी देवता नाराज हो जायेंगे और परिवार में कुछ अनिष्ठ हो सकता है। इस लिहाज से उनका पूरा परिवार यह परंपरा निभाते आ रहा है और आगे भी निभाते रहेंगे।

 

 

Categorized in: